- सरकार अच्छा काम कर रही उसे जनता तक पहुंचाने की जवाबदारी संगठन की
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी एवं जिलाध्यक्षों की बैठक आज अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के छत्तीसगढ़ प्रभारी पी.एल.पुनिया, प्रभारी सचिव व्दय डॉ. चंदन यादव व सप्तगिरी शंकर उल्का, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम की उपस्थिति में संपन्न हुई। प्रदेश प्रभारी पी.एल. पुनिया ने कहा कि हमें अब 2023 के विधानसभा चुनाव एवं 2024 के लोकसभा के चुनाव की तैयारी अभी से शुरू कर देना है।
राजधानी रायपुर के राजीव भवन में हुई बैठक में प्रमुख रूप से कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गयी, जिसमें महंगाई एवं पेगासस मामले में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर चलाये गये कार्यक्रमों हस्ताक्षर अभियान, सायकल रैली, कलेक्टर एवं राजभवन पैदल मार्च कार्यक्रम की समीक्षा की गयी। जिलों में बन रहे जिला कांग्रेस के भवनों की प्रगति समीक्षा की गई। राज्य सरकार के द्वारा चलाये जा रहे जनहित के कार्यो के प्रचार-प्रसार की रणनीति भी तैयार कर सभी पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और प्रभारियों को आवश्यक निर्देश और लक्ष्य दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुये छत्तीसगढ़ प्रभारी पी.एल. पुनिया ने कहा कि यह बैठक महत्वपूर्ण है। सभी जिलों में बूथ कमेटियों को बनाने का काम युद्ध स्तर पर करना है। बूथ कमेटियां बनाने का काम सिर्फ ब्लाक अध्यक्षों के भरोसे नहीं वरिष्ठ नेताओं, जिला अध्यक्षों को खुद मानीटरिंग कर गठन करना होगा। सभी को पूरी ईमानदारी से एक टीम बनकर काम करना है। चाहे विधायक हों, जिलाध्यक्ष हों या ब्लाक अध्यक्ष सभी का एक लक्ष्य होना चाहिये चुनाव जीतना। उन्होंने कहा कि सरकार अच्छा काम कर रही उसे जनता तक पहुंचाने की जवाबदारी संगठन की है। सभी सरकार की योजनाओं की जानकारी खुद करें और जनता को दें।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि हम सबको संगठन मजबूत कर सरकार के कामों को जनता तक ले जाना है। दिसंबर तक 23000 से अधिक बूथ कमेटियों का पुनर्गठन हो जाना चाहिए इसके लिये हर महीने समीक्षा होगी। पूरे प्रदेश के ऐसे 3 जिलों का सम्मान दिया जायेगा जो समय से पहले बूथ कमेटी का पुनर्गठन कर लेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की यह महत्वपूर्ण जवाबदारी है कि हमारी सरकार जनहित के जो काम कर रही है उसे लोगों तक पहुँचाया जाये, सरकारी योजनाओं का लाभ जनता को मिले। यह सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि सरकार हर वर्ग के लिये योजना बना रही है उसका ईमानदारी से क्रियान्वयन कर रही है।
प्रभारी सचिव डॉ. चंदन यादव ने कहा कि सभी को अपनी जिम्मेदारी का अहसास करना होगा। जिलों में राजीव भवन के निर्माण में कोताही नहीं होनी चाहिये। पूरे भारत में छत्तीसगढ़ ऐसा अकेला राज्य होगा जहां सभी जिलों में पार्टी का दफ्तर होगा। महंगाई को लेकर जो कार्यक्रम कांग्रेसजनों ने किया वह जबरदस्त थी। जनता की आवाज के रूप में कांग्रेस ने यह कार्यक्रम किया। आगे सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के कार्यक्रम बूथ कमेटी गठन के कार्यक्रम को गंभीरता से लेना है। हमें भाजपा की केंद्र की जनविरोधी नीतियों को उजागर करना है।
प्रभारी सचिव सप्तगिरी शंकर उल्का ने कहा कि आउटरीच कार्यक्रम कांग्रेस का राजनैतिक काम नहीं। इस कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस अपनी सामाजिक दायित्व का निर्वहन कर रही है हम लोगों के दुख के सहभागी बनना चाहते है। कांग्रेस राजनीति को सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं मानती। हमारा उद्देश्य बदलाव और लोगों की सहायता करना है। सभी कार्यकर्ता पार्टी की भावना के अनुरूप काम करना है। हमारी सरकार ने छत्तीसगढ़ में कोरोना काल में बढ़िया काम किया है। कांग्रेस ने 2018 में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान चुनाव जीता था। 2019 में पेगासस साफ्टवेयर का उपयोग कर भाजपा के कांग्रेस से जीत छीना है। भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या की है। देश का मूड मोदी के खिलाफ है।
मंत्री शिवकुमार डहरिया ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सरकार बनने में बूथ कमेटी और कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रमुखता से हो। सरकार ने 36 में 25 वायदा पूरा किया। हमारी सरकार के किसानों, युवाओं, प्रदेश के हर नागरिकों से किया वायदा पूरा किया है। आने वाले समय में किसानों को 2800 रू. प्रति क्विंटल की कीमत दी जाएगी। भाजपा झूठ का प्रचार करती है हमें तो सच्चाई और जनहित के कामों का प्रचार करना है। प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल ने जिलों में बन रहे जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालयों राजीव भवन निर्माण कार्य की प्रगति रिपोर्ट की जानकारी दी।
बैठक का संचालन प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री संगठन चंद्रशेखर शुक्ला ने किया। प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष गुरुमुख सिंह होरा ने आभार व्यक्त किया।
बैठक में उपाध्यक्षगण गिरीश देवांगन, प्रतिमा चंद्राकर, पद्मा मनहर, भानुप्रताप सिंह, चुन्नी लाल साहू, अटल श्रीवास्तव, प्रेमचंद जायसी, बीरेश ठाकुर, महामंत्री प्रशासन रवि घोष, महामंत्रीगण डॉ. थानेश्वर पाटिला, रंजीत कोसरिया, उत्तम वासुदेव, राजेन्द्र साहू, आरती साहू, यशवर्धन राव,रूखमणी कर्मा, पंकज शर्मा, जितेन्द्र साहू, अरूण सिसोदिया, सीमा वर्मा, शाहिद खान, पीयुष कोसरे, मुख्य प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला, कार्य समिति सदस्य शकुन डहरिया, लालजी चंद्रवंशी, नीना रावतिया, सुरेन्द्र जायसवाल, विष्णु यादव, जिला अध्यक्षगण रायपुर शहर गिरीश दुबे, रायपुर ग्रामीण उधो वर्मा, बलौदाबाजार हितेन्द्र ठाकुर, गरियाबंद भावसिंह साहू, बालोद चंद्रप्रभा सुधाकर, दुर्ग शहर गया पटेल, दुर्ग ग्रामीण निर्मल कोसरे, भिलाई शहर तुलसी साहू, बेमेतरा बंशी पटेल, राजनांगांव शहर कुलबीर छाबड़ा, राजनांदगांव ग्रामीण पदम कोठारी, कवर्धा नीलकंठ चंद्रवंशी, जगदलपुर शहर राजीव शर्मा, बीजापुर लालू राठौर, कांकेर सुभद्रा सलाम, दंतेवाड़ा अवधेश गौतम, बिलासपुर शहर प्रमोद नायक, गौरेल्ला-पेण्ड्रा-मरवाही मनोज गुप्ता, कोरबा शहर सपना चौहान, कोरबा ग्रामीण मोहित राम केरकेट्टा, जांजगीर-चांपा डॉ. चौलेश्वर चंद्राकर, रायगढ़ शहर अनिल शुक्ला, रायगढ़ ग्रामीण अरूण मालाकार, जशपुर मनोज सागर यादव, सरगुजा राकेश गुप्ता, सूरजपुर भागवती राजवाड़े, कोरिया नजीर अजहर उपस्थित थे।

