रायपुर वॉच

बूढ़ातालाब में बुजुर्ग ने की खुदकुशी, सफाई कर्मियों ने बाहर निकाली लाश, मृत महिला के पर्स से मिली एक लड़की की फोटो अब उसे ढूंढ रही पुलिस

Share this

रायपुर : रायपुर के बूढ़ातालाब से शनिवार की दोपहर एक बुजुर्ग महिला का शव निकाला गया। महिला की उम्र 55 से 60 साल के आस-पास बताई जा रही है। इस महिला की पहचान नहीं हो सकी है। शव के आस-पास से कोई आईडी वगैरह भी बरामद नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने शव के बारे में जानकारी पुरानी बस्ती थाने में दी। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर लाश को देखा। जांच के लिए आए अफसरों ने बताया कि फिलहाल मामला सुसाइड का लग रहा है। जान देने के मकसद से महिला पानी में कूद गई और डूबने से इसकी मौत हुई होगी।

हालांकि सही तथ्यों का पता पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट के बाद ही पता लगेगा। आस-पास के लोगों से जानकारी लेकर इस महिला के शव को अंबेडकर अस्पताल जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस को महिला के पास से एक हैंड पर्स मिला है। इसमें सिर्फ एक लड़की की फोटो मिली है। हो सकता है ये उसकी बहू, बेटी या नाती-पोती रही हो। अब इस लड़की के बारे में पुलिस स्थानीय स्तर पर जांच कर रही है। आस-पास की दुकानों में लगे CCTV कैमरों की जांच भी की जा रही है ताकि इस मौत से जुड़े तथ्य पता लग सकें।

महिला के पर्स से मिली इस युवती की तस्वीर के आधार पर इसे ढूंढा जा रहा है।

हमें देखकर लगा जिंदा होगी महिला
तालाब कि किनारों पर सफाई का काम करने वाले नगर निगम के कुछ सफाई कर्मियों ने महिला की लाश को पानी से बाहर निकाला। एक सफाई कर्मी ने दैनिक भास्कर को बताया कि हम अपना रोज का काम खत्म करके लौट रहे थे 11 बजकर 30 मिनट के आस-पास हमारी नजर औंधे मुंह डूबी महिला पर पड़ी। हमें लगा वो जिंदा होगी भागकर हमनें उसे बाहर निकाला। मगर उसकी मौत हो चुकी थी। इसी तरह दिखने वाली एक महिला 15 दिन पहले भी यहां हमें नजर आई थी। मगर ये वही है या नहीं कह नहीं सकते। हमने पुलिस को सूचित किया जिसके बाद अफसर यहां आ गए। महिला की मौत की खबर लगते ही तालाब के ब्रह्मपुरी वाले किनारे पर भीड़ लग गई। लोगाों को खदेड़कर पुलिस ने हटाया है।

दो महीनों में इस तरह की तीसरी मौत
31 मई के दिन रायपुर के तेलीबांधा तालाब में मानसिक रूप से परेशान एक शख्स ने खुदकुशी कर ली थी। यहां मॉर्निंग वॉक के लिए आए लोग आसपास टहल रहे थे तभी अचानक उसने तालाब में छलांग लगा दी। जांच में पता चला है कि खुदकुशी करने वाले व्यक्ति का नाम सुरेश नथानी था। वह मानसिक रूप से परेशान था और पिछले दो सालों से कोई काम नहीं कर रहा था। पुलिस के मुताबिक कुछ डॉक्टर्स से उसका इलाज भी चल रहा था।

5 जून को भी एक व्यक्ति ने तेलीबांधा तालाब में कूदकर जान दे दी। उस युवक का नाम आशीष नागरिया था। 28 साल का आशीष रायपुर के गीतांजलि नगर का रहने वाला था। पुलिस ने बताया था कि सुबह वॉक के दौरान युवक ने खुदकुशी की। युवक पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर था।

8 महीने पहले बूढ़ा तालाब के किनारे से एक लाश पुलिस को मिली थी। शनिवार को जिस महिला का शव पुलिस को मिला ब्रह्मपुरी इलाके वाले तालाब के हिस्से से थोड़ी दूर ही उस वक्त शव मिला था। युवक का नाम युवक का नाम शेख आशिक कादर उर्फ फिरोज था। इसकी हत्या के बाद इसके रिश्तेदारों ने बोरे में भरकर शव फेंक दिया था। कुछ दिन बाद आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए थे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *