प्रांतीय वॉच

अति संवेदनशील क्षेत्र कुऍंमारी व माड़गांव पहुंचे कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा जलप्रपातों का किया भ्रमण

Share this
  • जल्द ही सभी पर्यटन क्षेत्रों को की जाएगी विकसित ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं का भी मिलेगा लाभ: कलेक्टर

प्रकाश नाग/केशकाल : केशकाल विकासखंड अपनी प्राकृतिक सौंदर्यता के लिए प्रदेश के मानचित्र में अपना अलग स्थान बना चुका है। वहीं मॉनसून की शुरुआत होते ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित मनोरम झरने एक बार फिर सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। इन समस्त झरनों को जिला प्रशासन द्वारा करोड़ों रुपए खर्च कर के इको पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना भी बनाई गई है। भरी बरसात में जिसका जायजा लेने आज जिला कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा समेत समस्त विभागों के आला अधिकारियों का दल ग्राम कुऍंमारी, मिड़दे व माड़गांव पहुंचा। जहां कलेक्टर ने सर्वप्रथम मिड़दे जलप्रपात का जायजा लेते हुए यहां के सौंदर्यीकरण व अन्य निर्माण कार्यों हेतु बनाई गई कार्ययोजना की जानकारी ली। ततपश्चात कलेक्टर ने घोर नक्सल प्रभावित ग्राम माड़गांव स्थित मुत्तेखड़का जलप्रपात का भी जायजा लिया।

आपको बता दें कि कुऍंमारी, माड़गांव, उपरबेदी आदि ऐसे गांव है जहां आज से कुछ वर्षों पूर्व मूलभूत सुविधाओं जैसे सड़क, बिजली, पानी के अभाव के चलते बाहरी लोग इस ओर बहुत कम ही आते थे। लेकिन जिला प्रशासन के लगातार प्रयासों के चलते वर्तमान में यहां लगभग सभी मूलभूत सुविधाएं पहुंच चुकी है। फलस्वरूप कोंडागांव के साथ साथ अन्य जिलों व राज्यों से भी सैलानी इन मनोरम झरनों का आनंद लेने पहुंचते हैं।

कुछ माह पूर्व कुँएमारी में नक्सलियों ने कई गाड़ियों को आग के हवाले किये वही दो नक्सलियों को भी पुलिस ने मार गिराया था

ज्ञात हो कि ग्राम कुऍंमारी में विगत 25 मार्च को कुऍंमारी एरिया कमेटी के नक्सलियों ने सड़क निर्माण कार्य मे लगे दर्जनों वाहनों को आग के हवाले कर अपनी मौजूदगी के संकेत दिए थे। जिसके बाद से काफी दिनों तक इस ओर सैलानियों के आवागमन पर रोक लगा दी गयी थी। वहीं पुलिस बल ने भी इस क्षेत्र में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया था, फलस्वरूप विगत 1 जून को ग्राम भंडारपाल के जंगलों में गश्त पर निकले डीआरजी के जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ भी हुई थी जिसमे दो नक्सली मारे गए थे। ऐसे में पुलिस द्वारा भी लगातार सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम कर लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास भी किया जा रहा है।

जलप्रपात क्षेत्रो में हो रही समस्या से कलेक्टर हुई अवगत

इस दौरान ग्राम पंचायत कुऍंमारी के सरपंचपति गुरुनाथ ने बताया कि पिछले वर्ष भी जलप्रपात घूमने आने वाले सैलानियों हेतु टिकिट सुविधा बनाई गई थी जिसके चलते ग्रामीण युवाओं को लाखों रुपए की आमदनी हुई थी। लेकिन कोरोना संक्रमण व लॉक डाउन के चलते सैलानियों के आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। जिसके बाद कई हजारों पर्यटक देखने पहुंचे थे । इस बार भी प्रतिदिन झरना को देखने लोग पहुंचते हैं लेकिन यहां पर सुविधाओं के अभाव के कारण काफी समस्या होती है । जिसमें मुख्य रुप से मिड़दे जलप्रपात में रेलिंग का निर्माण करवाया जाए ताकि यहां घूमने आने वाले सैलानियों को नीचे उतरने में किसी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े। इसके अलावा आसपास शौचालय का भी निर्माण होने से सैलानियों को काफी सुविधा होगी । जिस पर कलेक्टर ने तत्काल आला अधिकारियों को उक्त कार्य हेतु कार्य योजना बनाने निर्देशित किया ।

मूलभूत सुविधाओं के साथ सभी जलप्रपातो तक पहुंचना होगा आसान

जानकारी देते हुए कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि जिले में हमने 20 से अधिक जलप्रपातों को चिन्हांकित किया है जिसके विकास हेतु दो प्रकार से कार्ययोजना भी बनाई गई है। जिसमे हमने स्थानीय युवकों-युवतियों की पर्यटन समिति बनाई है जिन्हें जलप्रपातों में साफ-सफाई, कैंटीन समेत अन्य व्यवस्था बनाने हेतु प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। साथ ही इन सभी झरनों में पूरे साल पानी भरा रहे इसके लिए भी नरवा के तहत स्टापडैम, चेकडैम के माध्यम से पूरे साल पानी भरने की योजना बनाई गई है। वही जलप्रपात देखने आने वाले पर्यटकों के रुकने, खाने, व घूमने हेतु सुविधा मुहैया करवाने हेतु कार्य किया जा रहा है।

उप स्वास्थ्य केंद्र कुँएमारी में भी निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर

इस दौरान कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा अचानक कुँएमारी उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे जहां ड्यूटी में तैनात सीएचओ प्रतिभा भारती को देख खुश होते हुए बधाई दिए और कहा कि बिना किसी सूचना के मेरे अस्पताल पहुंचने पर आप लोगों की उपस्थिति बहुत अच्छी बात है इसी प्रकार हमेशा अपना ड्यूटी में तैनात होना चाहिए । जिसके बाद कलेक्टर पूरे अस्पताल का निरीक्षण किया और समस्याओं से अवगत हुए जिस पर सीएचओ प्रतिभा भारती ने बताया कि बिजली और पानी की समस्या है जहाँ कलेक्टर ने आला अधिकारियों को जल्द समस्याओं को दूर करने निर्देश दिया । इस दौरान जिला पंचायत सीईओ डीएन कश्यप,एसडीएम दीनदयाल मंडावी, नायाब तहसीलदार दयाराम साहू, आरईएस ईई अरुण शर्मा, पीएमजीएसवाई ईई व्ही पसीने ,वन विभाग एसडीईओ केजुराम पोयाम,जनपद पंचायत सीईओ शिवलाल नाग, रेंजर नरेश नाग समेत समस्त विभाग के अधिकारी कर्मचारी भी उपस्थित रहे ।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *