प्रांतीय वॉच

कोविड नियंत्रण हेतु जिला प्रशासन सतर्क: कलेक्टर ने ली सभी एसडीएम, तहसीलदार, बीएमओ की बैठक

Share this

अक्कू रिजवी/कांकेर: कांकेर जिले में कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गई है। कोरोना से बचाव के लिए लोगों को मास्क पहनने, शारीरिक दूरी का पालन करने एवं सेनेटाईजर का उपयोग करने हेतु समझाईश देने के लिए कलेक्टर श्री चन्दन कुमार ने जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने आज वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से अधिकारियों की बैठक लेकर कहा कि कोविड-19 के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जावे। मास्क नहीं पहनने पर जुर्माना से दंडित करने के लिए भी निर्देशित किया गया है। कोरोना से बचाव के लिए जारी गाईडलाइन का पालन करने हेतु जिले के सभी नगरीय निकायों, हाट-बाजारों तथा ग्रामों में मुनादी कराने के निर्देश भी उनके द्वारा दिये गये हैं।
कलेक्टर श्री चन्दन कुमार ने जिले में कोरोना नियंत्रण के लिए सघन मॉनिटरिंग के लिए सभी एसडीएम, तहसीलदारों एव ंबीएमओ को निर्देशित करते हुए कहा कि आर.टी.पीसी.आर. एवं ट्रू-नॉट का टेस्टिंग बढ़ाया जावे तथा कोरोना पॉजिटीव पाये जाने पर संबंधित क्षेत्र को माइक्रो कंटेमेंट जोन घोषित किया जाये और उस क्षेत्र में कोविड-19 के नियमों का कड़ाई से पालन किया जावे। टेस्टिंग टीम बढ़ाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना पॉजिटीव व्यक्ति को होम आईसोलेशन में न रहकर कोविड केयर सेंटर अथवा जिला मुख्यालय कांकेर स्थित डेडीकेडेट कोविड अस्पताल में ईलाज कराने के लिए प्रोत्साहित किया जावे। कोरोना नियंत्रण हेतु जिन अधिकारियों को पहले जो दायित्व सौंपे गये थे, उन्हें पुनः इन कार्यों में सक्रिय होकर कार्य करने के लिए निर्देशित किया गया है। महाराष्ट्र की सीमा से लगे पखांजूर तहसील के चेक पोस्ट में बाहर से आने-जाने वाले व्यक्तियों का कोरोना टेस्ट करने के निर्देश भी उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिये हैं, साथ ही अर्द्धसैनिक बलों के कैम्पों में भी जवानों का कोरोना जांच करने के लिए निर्देशित किया गया है। शादी-विवाह, होटल, दुकान इत्यादि में कोविड-19 के गाईडलाइन का पालन सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर द्वारा सभी एसडीएम, तहसीलदारों को निर्देशित किया गया है।वीडियो कान्फें्रसिंग के माध्यम आयोजित बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एल. उईके, सिविल सर्जन डॉ. आर.सी. ठाकुर भी उपस्थित थे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *