क्राइम वॉच

चरित्र शक में धारदार हथियार से कर दी पत्नी की हत्या, शादी के 3 महीने बाद ही अफेयर होने का शक करने लगा था पति, थाने जाकर सरेंडर किया

Share this

बेमेतरा : जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां चरित्र पर शक के चलते युवक ने बसूला (धारदार हथियार) से वार कर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पता चला है कि दोनों के बीच शादी के बाद से ही विवाद चल रहा था। पूरा मामला चंदनु पुलिस चौकी के बुचीपुर गांव का है।

3 महीने पहले ही हुई थी शादी
19 साल की कावेरी साहू और राम चरण साहू की 3 महीने पहले ही शादी हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच अनबन होने लगी थी। पति अपनी पत्नी पर शक करता था। उसे शक था कि उसकी पत्नी का किसी और के साथ अफेयर है। इसके कारण पति-पत्नी में अकसर विवाद होता था। बुधवार सुबह भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर राम चरण साहू ने बसूला से पत्नी कावेरी के गले पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिया। इससे उसकी घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हत्या के बाद पति ने खुद को पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।

पत्नी मायके जाने की तैयारी कर रही थी
बताया जा रहा है कि राम चरण साहू और उसकी पत्नी के बीच वैवाहिक संबंध ठीक नहीं चल रहे थे। दोनों की शादी इसी साल के अप्रैल महीने में बड़ी धूमधाम से हुई थी। लेकिन, शादी होने के बाद से ही वो अपनी पत्नी पर शक करने लगा था। हत्या करने के एक दिन पहले मंगलवार की रात को भी दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ था। बुधवार को पत्नी मायके जाने की तैयारी में थी। लेकिन बुधवार की सुबह फिर से विवाद हो गया।

मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही पुलिस
SDPO राम कुमार बर्मन ने बताया कि पति ने ही कावेरी की हत्या की है। पति चरित्र शंका को लेकर पत्नी से आए दिन विवाद करता था। इसी के चलते उसने हत्या की है। आरोपी पति राम चरण साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *