रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 26 जुलाई से शुरू हो रहा है। इस बीच विधानसभा के प्रमुख सचिव चंद्रशेखर गंगराड़े को सेवा विस्तार देने की तैयारी है। यह सेवा विस्तार छह महीने का होगा। बताया जा रहा है कि एक-दो दिनों में ही एक्सटेंसन के प्रस्ताव पर फैसला हो जाएगा। 28 जून 1958 को जन्में चंद्रशेखर गंगराड़े अक्टूबर 2019 में विधानसभा के प्रमुख सचिव बने थे। 30 दिसम्बर 2020 को उनकी सेवानिवृत्ति होनी थी। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने उन्हें सेवा विस्तार दे दिया। 29 दिसम्बर 2020 को उनके सेवा विस्तार का आदेश जारी हो गया। उस आदेश के मुताबिक गंगराड़े को 30 जून 2021 तक का ही सेवा विस्तार मिला था। बताया जा रहा है कि वरिष्ठ और अनुभवी अफसरों की कमी को देखते हुए सरकार उन्हें छह महीने का अतिरिक्त सेवा विस्तार दे सकती है। अगर ऐसा होता है तो गंगराड़े शीतकालीन सत्र तक पद पर बने रह सकते हैं।बताया जा रहा है, विधानसभा संचालन नियमों के तहत विधानसभा अध्यक्ष के पास सचिव अथवा प्रमुख सचिव को तीन साल तक सेवा वृद्धि देने का अधिकार होता है। हालांकि उन्हें इसके लिए उचित और पर्याप्त कारण देने होते हैं। 2015 में विधानसभा के तत्कालीन अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने उस समय प्रमुख सचिव रहे देवेंद्र वर्मा को एक साल का सेवा विस्तार दिया था। ऐसा सेवा विस्तार पाने वाले वे पहले प्रमुख सचिव थे। 2016 में उनको फिर सेवा विस्तार मिला। 2017 में उनका कार्यकाल खत्म होने से पहले सरकार ने उन्हें संसदीय कार्य विभाग का प्रमुख सचिव बनाकर संविदा नियुक्ति देने की कोशिश की थी।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रमुख सचिव चंद्रशेखर गंगराड़े का कार्यकाल 30 जून को पूरा हो रहा, छह महीने का एक्सटेंसन दे सकती है सरकार
