रवि सेन/बागबाहरा: भारतीय जनता युवा मोर्चा के महासमुंद ज़िला अध्यक्ष जसराज चंद्राकर ‘बाला’ ने प्रदेश के स्कूली शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम के नाम जिला शिक्षा अधिकारी (महासमुन्द) को शुक्रवार को ज्ञापन सौंपकर स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय में प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया में विसंगति पर ध्यान आकृष्ट किया है। श्री चंद्राकर ने कहा है कि प्रदेश सरकार राज्य के सभी विकासखंडों के नगरीय क्षेत्रों में स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय संचालित करने वाली है, जिसमें सभी वर्ग के छात्र-छात्राओं को अंग्रेजी माध्यम से अध्यापन कराया जाना है। इन विद्यालयों में शिक्षण कार्य हेतु संविदा नई भर्ती से शिक्षक नियुक्त करने की बात कही गई थी। परन्तु वर्तमान में प्रदेश के अनेक जिलों में जारी होने वाले आदेशों में अन्य शासकीय शालाओं में कार्यरत शासकीय शिक्षकों की प्रति नियुक्ति इन विद्यालयों में की जा रही है। भाजयुमो ज़िला अध्यक्ष श्री चंद्राकर ने कहा कि इस प्रकार से शासकीय शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति उन शिक्षित बेरोजगारों के साथ ही उन हजारों बच्चों, जिनके शालाओं से ये शिक्षक प्रतिनियुक्ति में आ रहे हैं, के साथ अन्याय है जो निंदनीय है। एक तरफ प्रदेश सरकार शिक्षा और रोजगार को लेकर बड़ी-बड़ी बातें करती है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्र के हिन्दी माध्यम स्कूलों के अनुभवी शिक्षकों को प्रतिनियुक्त कर शहरी क्षेत्रों में लाकर ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं के भविष्य को अंधकार में धकेल रही है। श्री चंद्राकर ने जानना चाहा कि क्या प्रतिनियुक्ति पर आने वाले शिक्षक अपने विद्यालय में अतिशेष की श्रेणी में हैं? क्या वहां इन शिक्षकों के अलावा पर्याप्त विषय विशेषज्ञ शिक्षक हैं? क्या प्रतिनियुक्ति में आने वाले शिक्षकों को उनके शाला प्रमुख द्वारा जाने की सहमति दी गई है? विशेषज्ञ शिक्षकों के प्रतिनियुक्ति पर चले जाने से उस विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों की शिक्षा व्यवस्था कैसी होगी? श्री चंद्राकर ने कहा कि किसी भी विद्यालय से प्रतिनियुक्ति के आधार पर शिक्षकों का अन्यत्र भेजना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है, यह उन शालाओं में पढ़ने वाले बच्चों के साथ ही शिक्षित बेरोजगारों के भविष्य से खिलवाड़ करना होगा । अतः इस महात्वाकांक्षी योजना में शिक्षकों की पूर्ति नई भर्ती के माध्यम से की जाए। प्रतिनियुक्ति से नहीं। ज्ञापन देने हेतू जिलाध्यक्ष के साथ दिनेश रूपरेला नंदु जलक्षत्री , अमन वर्मा , दीपक राव उपस्थित थे ।
भाजयुमो ज़िला अध्यक्ष ने मंत्री टेकाम के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया में विसंगति पर ध्यान आकृष्ट किया

