इटावा : उत्तर प्रदेश के इटावा में एक शादी के दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। शादी समारोह में द्वारचार के बाद दूल्हा फरार हो गया। जब इसकी भनक दुल्हन के परिवार को हुई तो उन्होंने पुलिस बुला ली। पुलिस दूल्हा सहित दोनों पक्षों को थाने ले आई। इस बीच दूल्हे ने दुल्हन पक्ष पर पत्नी बदलने का आरोप लगाया। जबकि, दुल्हन पक्ष ने दूल्हे के सभी आरोपों को नकार उसपर अतिरिक्त दहेज मांगने पर आरोप लगाया। दोनों पक्षों को सुनने के बाद पुलिस ने शादी का पूरा खर्च अदा करने की रजामंदी के बाद दूल्हे को छोड़ दिया।
हुआ कुछ यूं कि, जिले के ऊसराहर क्षेत्र में कुरखा गांव की लड़की से कन्नौज के सरलेस निवासी लड़के की शादी तय थी। तय तारीख के मुताबिक दूल्हे की बारात शादी समारोह की जगह पहुंची। लड़की पक्ष ने दूल्हे संग बारात के सभी लोगों का स्वागत किया। बारात के खाने में भी मेहमाननवाजी का पूरा ध्यान रखा गया। देर रात शादी की रस्में शुरू हुईं। द्वारचार के बाद शादी की अन्य रस्में चल रहीं थीं। वरमाला का कार्यक्रम पहले से ही नहीं था, इसलिए अगली रस्म में लड़के पक्ष की ओर से चढ़ावा चढ़ने के बाद भांवरे पढ़नी थी, परिजनों के मुताबिक वह रात तीन बजे बारात मे चढ़ावा लेने पहुंचे तो, दो चार बाराती ही बचे थे। दूल्हा भी मौके पर नहीं था।
जब पिता से मांगा चढ़ावा तो खुला राज
लड़की पक्ष को लगा कि, कहीं आसपास गए होंगे कुछ देर में आ जाएंगे। लेकिन, जब दूल्हे के पिता से चढ़ावा मांगा तो, वह टाल-मटोल करने लगे। कुछ देर बाद उन्होंने सच कबूला कि, दूल्हे ने शादी करने से मना कर दिया और वह वापस लौट गया है। इसपर दुल्हन के पिता ने जब शादी न करने की वजह पूछी, तो उन्होंने लड़की बदलने की बात कही।इसपर लड़की के पिता ने उनके आरोपों को खारिज करते हुए कहा, जो लड़की आपने देखी थी वही उसी से शादी हो रही है। इसके बाद लड़के के परिवार के लोगों ने घर जाकर तहकीकात की, लेकिन वह संतुष्ट नहीं हुए।
दुल्हन के पिता ने लगाई पुलिस से गुहार
मामले की सूचना देकर दुल्हन के पिता ने पुलिस बुलाई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। वहां दोनों पक्षों की बात सुनकर पुलिस ने जुर्माने के तौर शादी में खर्च रकम को अदा करने की लड़के के परिवार पर जोर डाला। इसपर दूल्हे के परिवार ने लड़की पक्ष को पूरी रकम देने की सहमति दी। इसके बाद दूल्हा सहित अन्य लोगों को थाने छोड़ा गया।