बालकृष्ण मिश्रा/सुकमा : जिला सुकमा में युवाओं और बच्चों के मध्य लोकप्रिय तथा प्रचलित खेल बैडमिंटन में स्थानीय प्रतिभाओं को वृहद मंच उपलब्ध कराए जाने हेतु छग प्रदेश बैडमिंटन संघ रायपुर के सचिव संजय मिश्रा से मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन कवासी लखमा के मार्गदर्शन में और खेल के प्रति विशेष लगाव रखने वाले युवा जिला पंचायत अध्यक्ष कवासी हरीश के निर्देशन में सुकमा जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के नए अध्यक्ष जगन्नाथ (राजू) साहू ने राजधानी में मुलाकात कर सार्थक चर्चा की। इस मुलाकात में जिला सुकमा के नए अध्यक्ष ने जिला सुकमा में बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध आधारभूत सरंचना और जिला सुकमा में आयोजित होने बैडमिंटन प्रतियोगिता के आयोजन तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की जिले में उपस्थित होने के संबंध मे अवगत कराया है। छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव संजय मिश्रा जी ने ध्यान से सुना और सुकमा जैसे क्षेत्र में बैडमिंटन खेल के इतने लोकप्रिय होने पर आश्चर्य के साथ प्रसन्नता व्यक्त की और राज्य संघ के आगामी बैठक मे जिला बैडमिंटन संघ सुकमा को मान्यता प्रदान किया जाएगा । जिला बैडमिंटन सुकमा के अध्यक्ष राजू साहू ने कहा है कि जिला संघ के माध्यम से अब जिला के बैडमिंटन खेल के प्रतिभाओं को जूनियर व सब जूनियर चयन में छत्तीसगढ़ बैडमिंटन संघ के मंच से अवसर उपलब्ध होगा और उनकी प्रतिभा को सही माध्यम प्राप्त होगा। उम्मीद है कि योजनाबद्ध तरीके से जिला के प्रतिभाओं को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण व संसाधन उपलब्ध करा कर नए आयाम को इस खेल में प्राप्त करेंगे। राजू साहू ने अनवर ढेबर अध्यक्ष छत्तीसगढ़ बैडमिंटन संघ तथा सुकमा बैडमिंटन संघ के नवनियुक्त संरक्षक विनीत नंदनवार IAS कलेक्टर सुकमा को भी सहयोग के लिए आभार दिया है। राजधानी में छत्तीसगढ़ बैडमिंटन संघ के सचिव संजय मिश्रा से मुलाकात के दौरान सुकमा जिला के जिला खेल अधिकारी विरूपाक्ष पुराणिक युवा खिलाड़ी रिंकु दास, खेल प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रोहित पांडे भी उपस्थित थे।
खेल बैडमिंटन में स्थानीय प्रतिभाओं को वृहद मंच उपलब्ध कराने सुकमा जिला बैडमिंटन एसोसिएशन ने राजधानी में सार्थक चर्चा की

