- जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर फारूक अब्दुल्ला,महबूबा मुफ्ती और मोहम्मद यूसुफ तारिगामी, बैठक के लिए दिल्ली पहुंचेंगे
- धारा 370 समाप्त करने के बाद जम्मू कश्मीर को लेकर हो रही है पहली अहम सर्वदलीय बैठक
नई दिल्ली। तमाम अटकलाें के बीच मंगलवार को पीपुल्स एलायंस फार गुपकार डिक्लेरेशन पीएजीडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निवास पर 24 जून को होनी वाली बैठक में शामिल होने का एलान कर दिया है। पीएजीडी ने वार्ता के लिए अपना एजेंडा भी स्पष्ट करते हुए कहा कि वे जम्मू-कश्मीर व लद्दाख के लोगों का प्रतिनिधित्व करते हुए पांच अगस्त 2019 से पहले की संवैधानिक स्थिति की बहाली पर जोर देगा।
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए पीएजीडी नेताओं ने बताया कि डॉ फारूक अब्दुल्ला के साथ महबूबा मुफ्ती और मोहम्मद युसूफ तारीगामी 24 जून को नई दिल्ली में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में भाग लेंगे। पीएजीडी नेताओं की बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए डॉ अब्दुल्ला ने कहा कि हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से निमंत्रण मिला है। हम इसमें शामिल होने जा रहे हैं। हमें विश्वास है कि हम प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के सामने अपना रुख रखेंगे।
उन्होंने कहा कि जब बैठक खत्म होगी तो हम आपको बताएंगे कि वहां क्या किया। हमने क्या कहा और क्या प्रतिक्रिया हुई। पीएजीडी जम्मू और कश्मीर में छह पार्टियों का एक गठबंधन है, जिसमें प्रमुख राजनीतिक दल नेकां और पीडीपी भी शामिल हैं। यह गठबंधन केंद्र सरकार द्वारा अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 को रद करने और जम्मू-कश्मीर को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने के बाद गठित किया गया था।

