अक्कू रिजवी/कांकेर : कांकेर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ द्वारा ज़िला उत्तर बस्तर कांकेर के कलेक्टर पर इस बात के लिए दबाव बनाया जा रहा है कि साढ़े तीन/ चार महीनों से बंद पड़े साप्ताहिक बाजार पुन: शुरू किए जाएं तथा शहर में वर्तमान में जो 6:00 बजे शाम तक की समय सीमा व्यापारियों हेतु रखी गई है, उसे बढ़ाया जाए ताकि आम जनता को भी सहूलियत हो साथ ही सरकारी कर्मचारी भी दुकानों में जाकर सामान खरीद सकें क्योंकि अभी की स्थिति यह है कि दफ्तर से निकलने के बाद किसी भी दुकान तक उनके पहुंचने तक लॉक डाउन का समय हो जाता है और दुकानें तेजी से बंद होने लगती हैं। चेंबर के अध्यक्ष दिलीप कुमार खटवानी महामंत्री गफ्फार मेमन तथा पूर्व महामंत्री अनूप शर्मा ने कलेक्टर महोदय को एक ज्ञापन देकर मांग की है कि निर्धारित समय सीमा में वृद्धि आवश्यक है तथा छोटे व्यापारियों के हित को देखते हुए, ग्रामीण ग्राहकों की परेशानी को भी कम करने हेतु साप्ताहिक बाज़ार फिर से शुरू किए जाएं जो महीनों से बंद पड़े हैं। इन व्यापारी नेताओं ने तर्क दिया है कि कांकेर के चेंबर सदस्यों ने सरकार द्वारा घोषित कोविड-19 गाइड लाइन का अक्षरश: पालन किया है तथा प्रशासन के साथ हमेशा सहयोग किया है। अतः हमारी इन मांगों पर अनुकूल निर्णय लेकर आभार प्रदर्शन का अवसर देंगे।
बाज़ार तथा समय सीमा को लेकर चेंबर ने कलेक्टर से मिलकर सौंपा ज्ञापन

