बालकृष्ण मिश्रा/सुकमा : कलेक्टर विनीत नन्दनवार के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा 30 मई को कोण्टा क्षेत्र के फंदीगुड़ा, ढ़ोण्ढ़रा एवं नगर पंचायत क्षेत्र में रेत उत्खनन पर औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में गौंण खनिज साधारण रेत का अवैध रूप से भण्डारण पाया गया। जिनमें ग्राम फंदीगुड़ा में धरमपुरा जगदलपुर निवासी श्री एसडी राज और कोण्टा निवासी श्री टी विजेन्द्र के तथा नगर पंचायत कोण्टा में आरईएस कोलोनी कोण्टा निवासी श्री शैफ अली द्वारा रेत का अवैध भण्डारण किया जाना शामिल है। जिस पर खनिज, परिवहन तथा भण्डारण नियम 2009 के तहत् जब्ती की कार्यवाही की गई। वहीं नगर पंचायत कोण्टा में स्वीकृत रेत खदान समूह “एफ“ में बिना अभिवहन पास के अवैध रूप से खनिज रेत उत्खनन एवं परिवहन कर रहे चार जेसीबी एवं एक ट्रेक्टर को जब्त कर पुलिस अभिरक्षा हेतु थाना कोण्टा को सौंपते हुए वाहन मालिकों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी जिले के खनिज ठेकेदारों, खनिज परिवहन कर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि बिना अभिवहन पास के खनिज का उत्खनन, परिवहन, भण्डारण करना दण्डनीय अपराध है।
अवैध रेत भण्डारण पर हुई कार्यवाही : उत्खनन एवं परिवहन कार्यों में संलग्न वाहनों को किया गया जब्त

