रायपुर वॉच

जस्टिस प्रशांत मिश्रा होंगे हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस, 1 जून से संभालेंगे न्यायाधीश की जिम्मेदारी 

Share this

रायपुर। जस्टिस प्रशांत मिश्रा छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के कार्यवाहक नये चीफ जस्टिस होंगे। जस्टिस मिश्रा छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के सबसे वरीष्ठ जज है। 1 जून से वो मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी संभालेंगे। राष्ट्रपति ने इस बाबत आदेश जारी कर दिया है। छत्तीसगढ़ के मुख्य न्यायाधीश पी रामकृष्णन नायर रामचंद्र मेनन सेवानिवृत होने वाले हैं। जस्टिस मिश्रा को मुख्य न्यायाधीश बनाने का निर्देश केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय ने जारी कर दिया है।

वर्ष 1964 में रायगढ़ में जन्मे जस्टिस प्रशांत मिश्रा ने बीएससी और एलएलबी की उपाधि गुस्र् घासीदास विश्वविद्यालय, बिलासपुर से प्राप्त की। वे 1987 में अधिवक्ता बने। उन्होंने जिला न्यायालय रायगढ़, जबलपुर स्थित उच्च न्यायालय मध्यप्रदेश और बिलासपुर स्थित उच्च न्यायालय छत्तीसगढ़ में वकालत की। उन्हें जनवरी 2005 को उच्च न्यायालय छत्तीसगढ़ द्वारा वरिष्ठ अधिवक्ता मनोनित किया गया। वे 2 वर्षों तक छत्तीसगढ़ राज्य विधि परिषद के अध्यक्ष रहे। जस्टिस मिश्रा उच्च न्यायालय छत्तीसगढ़ के नियमकारी समिति के सदस्य रहे। वे गुरू घासीदास विश्वविद्यालय, बिलासपुर के कार्यकारी परिषद के कुलाधिपति भी नामित किए गए।

जस्टिस मिश्रा हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, रायपुर के कार्यकारी परिषद में पदेन सदस्य के तौर पर सम्बद्ध रहे। उन्होंने 2004 से 2007 तक छत्तीसगढ़ राज्य के अतिरिक्त महाधिवक्ता के तौर पर कार्य किया। 1 सितम्बर 2007 से अपने न्यायाधीश बनने तक महाधिवक्ता के तौर पर भी कार्य किया। 2009 को वे बिलासपुर उच्च न्यायालय में न्यायाधीश के रूप में पदस्थ हुए।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *