आफताब आलम/बलरामपुर : कोरोना वायरस के प्रभावी नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए कलेक्टर श्री श्याम धावड़े ने झारखण्ड सीमा से लगे कन्हर चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने चेकपोस्ट पर कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों, तैनात सुरक्षाकर्मियों की हौसला आफजाई की तथा कोरोना संक्रमण से बचाव का पालन करते हुए कार्य करने को कहा। उन्होंने चेकपोस्ट में कर्मचारियों द्वारा किये जा रहे पंजी का अवलोकन किया तथा नियमित रूप से पंजी संधारण करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने तैनात सुरक्षा कर्मियों से गुजरने वाले वाहनों में बैठे लोगों को अनिवार्य रूप से मास्क पहनने तथा अनावश्यक आवागमन पर पूर्ण रूप से रोक लगाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री नितेश कुमार गौतम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री दीपक एक्का सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने किया वर्मी कम्पोस्ट निर्माण इकाई का निरीक्षण
कलेक्टर श्याम धावड़े ने शासन की प्राथमिकता व महत्वाकांक्षी नरवा, गरुवा, घुरूवा एवं बाड़ी योजना के अंतर्गत नगर पंचायत रामानुजगंज में राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत संचालित गोबर खरीदी केन्द्र तथा वर्मी कम्पोस्ट निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को वर्मी खाद तैयार करने में तेजी लाने हेतु निर्देश दिए और 31 मई तक 500 क्विंटल खाद तैयार करने को कहा। खाद तैयार करने हेतु सहयोग के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत रामचंद्रपुर को आवश्यक मजदूरों की व्यवस्था करने के निर्देश दिये, ताकि निर्धारित समय पर लक्ष्य की प्राप्ति हो और वर्षा के पूर्व कृषकों को जैविक खाद उपलब्ध कराया जा सके। इस दौरान कलेक्टर ने उपसंचालक कृषि से भी विभाग में जैविक खाद की आवश्यकता के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर श्री धावड़े ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी रामानुजगंज से नगरीय क्षेत्रों में कोविड-19 से संक्रमित मरीजों के उपचार एवं होम आइसोलेशन की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली और अनावश्यक रूप से घूमने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप संचालक कृषि श्री अजय अनंत, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री दीपक एक्का तथा जनपद पंचायत रामचंद्रपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रॉबिन्सन कुजुर उपस्थित थे।
शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत होने पर राजस्व विभाग द्वारा की गई जांच
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रामानुजगंज को शासकीय भूमि में अतिक्रमण के मामले की शिकायत प्राप्त हुई थी। प्राप्त शिकायत में ग्राम पुरानडीह के चोर पहरी में राइस मिलर द्वारा शासकीय भूमि में अवैध निर्माण की सूचना मिली थी। शिकायत पर कार्यवाही करते हुए अनुभाग अधिकारी राजस्व रामानुजगंज श्री अभिषेक गुप्ता व तहसीलदार, रामानुजगंज श्री विवेक चंद्रा के द्वारा मौके की जांच की गई। मौके पर पाया गया कि संबंधित भूमि के चारों तरफ वन भूमि है तथा राजस्व अमले द्वारा स्थिति को और स्पष्ट करने के लिए वन विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर चर्चा की गई। चर्चा उपरांत यह निर्णय लिया गया कि उक्त प्रकरण में संयुक्त टीम बनाकर जांच उपरांत आगे की कार्यवाही की जाएगी। इस दौरान जिला खाद्य अधिकारी श्री शिवेंद्र काम्टे, वन विभाग के रेंजर, पटवारी तथा बीट गार्ड उपस्थित थे

