प्रांतीय वॉच

आगामी वर्षा ऋतु में वृक्षारोपण हेतु कार्ययोजना तैयार करें: कलेक्टर

Share this

सन्नी खान/बालोद : कलेक्टर  जनमेजय महोबे ने कहा कि आगामी वर्षा ऋतु में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया जाएगा, इसके लिए कार्य योजना तैयार करें। वृक्षारोपण कार्य के लिए जनसहभागिता भी महत्वपूर्ण हैै। उन्हें इस कार्य में अवश्य शामिल किया जाए। श्री महोबे आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आगामी वर्षा ऋतु में वृक्षारोपण के संबंध में आयोजित बैठक में अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने वन विभाग एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों से नर्सरियों में उपलब्ध पौधों की जानकारी ली और पौधारोपण हेतु विभागो को पौधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण अभियान के तहत् छायादार, फलदार एवं औषधियुक्त पौधो का रोपण किया जाएगा। उन्होंने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों को वृक्षारोपण हेतु चारागाह, गौठान सहित उपयुक्त स्थलों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने एफ.आर.ए. क्षेत्र मे महुआ, हर्रा, बहेरा सहित फलदार वृक्ष व औषधि पौधे एवं आजीविका संवर्धन वाले पौधा लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण पश्चात पौधों की सुरक्षा एवं देखरेख महत्वपूर्ण कार्य है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री लोकेश कुमार चन्द्राकर ने बताया कि आगामी वर्षा ऋतु में लगभग 03 लाख 93 हजार वृक्षारोपण का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें जनपद पंचायतों, जल संसाधन, वनमंडल, कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्र, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, नगरीय निकाय, महिला एवं बाल विकास विभाग, लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों को लक्ष्य अनुरूप पौधों का वितरण किया जाएगा। बैठक में वन मंडल अधिकारी श्री मयंक पांडेय, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हेमंत ठाकुर, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, उद्यानिकी विभाग की सहायक संचालक श्रीमती आकांक्षा सिन्हा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *