- मायके वालों ने कहा- पति ने की बेटी की हत्या, ससुरालवाले बोले- उसने आत्महत्या की
कोरबा : कोरबा में शुक्रवार को एक नव विवाहिता की मौत हो गई। उसका शव संदिग्ध हालत में फंदे से लटका हुआ मिला है। महिला की 5 महीने पहले ही शादी हुई थी। ससुराल वालों का कहना है कि उसने खुदकुशी की है। वहीं मायके पक्ष ने महिला के पति पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, कटघोरा के छुरी निवासी मेनका प्रजापति (25) पत्नी प्रदीप प्रजापति का शव शुक्रवार तड़के घर में ही फंदे से लटका मिला है। ससुराल वालों का कहना है कि मेनका ने आत्महत्या की है। हालांकि कारण स्पष्ट नहीं कर रहे हैं। मेनका दादर की रहने वाली थी और करीब 5 माह पहले उसकी शादी प्रदीप से हुई थी। दूसरी ओर पुलिस ने मजिस्ट्रेट को बुलाया है। उनके आने के बाद दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे।
पिता बोले- कुछ घंटे पहले बेटी से बात हुई, फिर बताया उसने जान दे दी
वहीं दूसरी ओर मेनका के पिता राजा राम ने उसके पति प्रदीप पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना से कुछ घंटे पहले मोनिका ने उनको फोन किया था, लेकिन कुछ बात नहीं की। इसके बाद सुबह करीब 4 बजे उसके ससुराल से फोन आया कि आपकी बेटी ने घर में ही पंखे में फांसी लगाकर जान दे दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे कार्रवाई होगी।