प्रांतीय वॉच

रायपुर के संकल्प हॉस्पिटल से कूदा युवक : डिप्रेशन से जूझ रहा कोविड मरीज ने दूसरी मंजिल से लगाई छलांग, सिर पर गंभीर चोट से मौत

Share this

रायपुर : रायपुर के सरोना इलाके में स्थित संकल्प हॉस्पिटल के दूसरे फ्लोर से कूदकर एक मरीज ने खुदकुशी कर ली। मरीज के सिर पर गंभीर चोट आई थी जिसके बाद उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। खुदकुशी करने वाले युवक का नाम प्रशांत सोनकर बताया जा रहा है। घटना की जानकारी अस्पताल की ओर से पुलिस को दे दी गई है। युवक ने खुदकुशी करने की कोशिश क्यों की फिलहाल ये बात पता नहीं चल सकी है।

कांच टूटने की आवाज आई नीचे देखा तो मरीज पड़ा था
हादसे को देखने वाले एक मरीज ने दैनिक भास्कर को बताया कि हम लोग कोविड वार्ड में हैं। दोपहर के वक्त सब कुछ ठीक था, मरीज अपनी-अपनी जगह पर थे, तभी अचानक खिड़की का कांच टूटने की तेज आवाज आई, हड़बड़ाकर डॉक्टर, स्टाफ और कुछ मरीजों ने देखा कि एक मरीज नीचे कूद चुका है। वो नीचे पेट के बल पड़ा हुआ था, लोग चीख रहे थे। इसके बाद उसे उठाकर अंदर लाया गया।

24 घंटे में इस तरह की तीसरी घटना
पेंड्रा के नवागांव निवासी धूप सिंह बुधवार को कोविड केयर सेंटर से भाग गया था, शनिवार को उसने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। शनिवार को ही गोल्डी नाम की लड़की ने मुंगेली में फांसी लगाकर जान दे दी, वो कोरोना संक्रमित थी, उसकी मां की पिछले हफ्ते कोरोना संक्रमण के इलाज के दौरान मौत हो गई थी। 7 महीने पहले रायपुर के राखी थाना इलाके में एक संक्रमित युवक पेड़ पर फांसी लगा ली थी।

विभाग ने कर डाली 44 हजार की काउंसिलिंग
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि कोरोना की वजह डिप्रेशन महसूस करने वालों की काउंसिलिंग कर रहा है। बाकायदा विभाग ने आंकड़े जारी कर कहा है कि राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेशभर के 32 चिकित्सा अधिकारियों, 69 काउंसलर्स को बेंगलुरु के निम्हॉस संस्था के सहयोग से ट्रेंड किया गया। संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं नीरज बंसोड़ ने बताया कि कोविड केयर सेंटरों और होम आइसोलेशन में इलाज करा रहे करीब 44 हजार मरीजों की काउंसिलिंग की गई है। इनमें होम आइसोलेशन में कोरोना का उपचार ले रहे 29 हजार 566 और कोविड केयर सेंटरों में इलाजरत 14 हजार 378 मरीज शामिल हैं।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *