- घटिया निर्माण कार्य की सुध लेने की विभाग को नही है फुर्सत
- बरसते पानी के बीच डामरीकरण ऊपर से अधिकारी भी मौके से गायब
आफ़ताब आलम/बलरामपुर : बलरामपुर जिले में लोक निर्माण विभाग के द्वारा रामानुजगंज वाड्रफनगर मुख्य मार्ग पर बरसते पानी के बीच डामरीकरण का कार्य कराए जाने की सूचना पर मौके पर जिला पंचायत के सभापति राजेश यादव पहुंचे। जिन्होंने गुणवत्ताविहीन कार्य कराए जाने का बात करते हुए गुणवत्ता में सुधार कराए जाने की बात कही। वहीं श्री यादव ने बिना टेंपरेचर मीटर के व करीब 90 किलोमीटर से डामर लाए जाने का भी विरोध किया। गौरतलब है कि लोक निर्माण विभाग के द्वारा रामानुजगंज वाड्रफनगर मार्ग पर डामरीकरण का कार्य ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा है। आज शाम 4 बजे के करीब पानी बरस रहा था। इस दौरान डामरीकरण कराया जा रहा था। जिसकी सूचना जब जिला पंचायत सभापति राजेश यादव को मिली तो तत्काल वे मौके पर पहुंचे एवं कार्य को गुणवत्ता पूर्ण कराए जाने की बात कही। श्री यादव ने कहा कि गुणवत्ता विहीन कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से भी की जाएगी। श्री यादव ने आरोप लगाया कि कमीशनखोरी के चक्कर में कार्य के गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया जाता है, जिस कारण सड़क बनते के साथ ही टूटने लगती है बरसते पानी में डामरीकरण कराए जाने से सड़क ज्यादा दिन नहीं टिक पाएगी। ऐसे में सिर्फ ठेकेदार को फायदा पहुंचाने के लिए विभाग के द्वारा कार्य किया जा रहा है।
मौके पर नहीं थे विभाग के उप अभियंता
जिला पंचायत के सभापति राजेश यादव ने आरोप लगाया कि एक ओर विभाग के द्वारा डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है वही टेंपरेचर मीटर नहीं रखा गया है साथ ही मौके पर विभाग के उप अभियंता भी नहीं थे जिस कारण ठेकेदार के द्वारा मनमानी पूर्वक कार्य कराया जा रहा है।
90 किलोमीटर दूर से लाया जा रहा है डामर
जिला पंचायत के सभापति राजेश यादव ने कहा कि नियमतः 60 किलोमीटर के अंदर डामर प्लांट होना चाहिए परंतु जहां से यहां के लिए डामर लाया जा रहा है, वह 90 किलोमीटर से भी अधिक दूर है। ऐसे में विभाग किस प्रकार से लापरवाह है इसे समझा जा सकता है। श्री यादव ने कहा कि डामर लाते लाते ठंडा हो जा रहा है जिससे यह समझा जा सकता है कि कितने दिनों तक सड़क टिकेगी।

