प्रकाश नाग /केशकाल : कोंडागांव जिले में फैलते कोरोना संक्रमण व बढ़ते खतरे से उतपन्न होने वाली आपदा को अवसर बनाकर मुनाफाखोरी करने वाले दुकानदारों से आम जनता को राहत दिलाने के लिए गुरूवार को राजस्व, मापतौल, खाद्य विभाग व नगर पंचायत की टीम द्वारा केशकाल में एक किराना दूकान पर छापेमार कार्रवाई की गई। जिसमें दुकानदार के द्वारा 8 रुपए का गुड़ाखु 10रू में बेचने की पुष्टि होने पर 20,000 रुपये का जुर्माना लगाते हुए दुकान को तीन दिनों तक के लिए बंद रखने हेतु आदेशित किया।
आपको बता दें कि केशकाल में एक किराना दुकान संचालकों के द्वारा गुड़ाखु के निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर विक्रय करने की शिकायत पर एसडीएम दीनदयाल मंडावी के नेतृत्व में जिला खाद्य अधिकारी डोमेन्द्र ध्रुव, जिला नापतौल अधिकारी मुनेश ठाकुर, डॉ. राठौर, नगर पंचायत सीएमओ नमेश कावड़े समेत टीम ने केशकाल के विश्रामपुरी चौक पर स्थित के.एन.आर प्रोव्हीजन में सुनियोजित रूप से छापेमारी की गई। छापा मारने के पूर्व उक्त दूकान में एसडीएम मंडावी के वाहन चालक को गुड़ाखू लेने भेजा गया। जहां देखा गया कि उक्त दुकानदार द्वारा 7रु में मिलने वाला गुड़ाखू 10रु में विक्रय किया जा रहा है। जिसके बाद सभी अधिकारियों द्वारा के.एन.आर प्रोविजन पहुंचकर सघन जांच शुरू किया गया। पूछताछ के दौरान दुकान के एक कर्मचारी द्वारा 10रु में गुड़ाखू देने की बात कही गई।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डोमेन्द्र ध्रुव ने बताया कि कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा के आदेशानुसार जिले में खाद्य सामग्रियों के अवैध भण्डारण व कालाबाजारी पर रोक लगाने हेतु सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी तारतम्य में हमें केशकाल से लगातार शिकायतें मिल रही रही थी कि दुकानदारों के द्वारा गुटका, गुड़ाखु आदि वस्तुओं को निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर विक्रय किया जा रहा है। जिसके जांच हेतु आज एसडीएम दीनदयाल मंडावी के नेतृत्व में के.एन.आर प्रोविजन में सुनियोजित रूप से छापेमार करवाई किया। जिसमें उक्त दुकानदार के द्वारा गुड़ाखु निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर बेचना पाया गया है। इस आधार पर उक्त दुकान के संचालक पर 20,000 रुपए का अर्थदंड लगाते हुए 3 दिनों तक दुकान बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। हमारा यह सघन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा खाद्य सामग्रियों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण व निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर विक्रय करते पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

