नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के लिए कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी की जगह रवनीत सिंह बिट्टू को गुरुवार को लोकसभा में पार्टी का नेता नियुक्त किया गया। पार्टी के सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस की बंगाल इकाई के प्रमुख अधीर रंजन चौधरी अगले दो महीनों के लिए चुनाव प्रचार के चलते व्यस्त रहेंगे। इस कारण ये फैसला लिया गया है। बता दें कि 45 वर्षीय रवनीत बिट्टू लोकसभा में पार्टी की रणनीति तय करेंगे क्योंकि लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गौरव गोगोई भी इस समय असम चुनाव में व्यस्त हैं। बिट्टू तीन बार से लगातार लोकसभा चुनाव जीतते आए हैं। वे पहली बार 2009 में आनंदपुर साहिब से सांसद बने और फिर 2014 और 2019 में लुधियाना से लोकसभा के लिए चुने गए। बिट्टू पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते हैं। इससे पहले अगस्त में बिट्टू को लोकसभा में कांग्रेस का व्हिप नियुक्त किया गया था। पंजाब के युवा नेता बिट्टू पंजाब यूथ कांग्रेस में लोकतांत्रिक चुनावों के माध्यम से चुने जाने वाले पहले नेता भी हैं।
कांग्रेस ने लोकसभा में रवनीत सिंह बिट्टू को नियुक्त किया पार्टी का नेता
