- 45-59 वर्ष तक के लोगों को लगाया गया टीका
प्रकाश नाग/ केशकाल : भारत में राष्ट्रव्यापी कोरोना टीकाकरण अभियान की शुरुआत 16 जनवरी को हो गई थी। सबसे पहले हैल्थ केयर वर्कर्स और 2 फरवरी से प्रथम पंक्ति में कार्यरत कर्मचारियों को वैक्सीन देना शुरू किया गया। इसी क्रम में आज 1 मार्च से 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को कोरोना वैक्सीन देनी शुरू की गई, इस प्रकार से आज 60 साल से अधिक आयु के कुल 34 वयोवृद्ध को कोरोना का टीका लगाया गया साथ ही 45 साल से 59 साल तक कि आयु के कुल 16 नागरिकों को कोरोना का पहला टीका लगाया गया। इस बीच केशकाल नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन जमीर ने भी टीका लगवाया । बता दें कि राज्य शासन द्वारा जारी निर्देशानुसार कोण्डागांव जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम हेतु आम नागरिकों को टीकाकरण का कार्य प्रारम्भ किया जा रहा है। इसके लिए 45 से 59 आयु वर्ग के कोमार्बीड (पहले से किसी बीमारी से ग्रसित) एवं 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग वाले नागरिकों का टीकाकरण कार्य का शुभारंभ आज 1 मार्च को 10 बजे से किया गया। टीकाकरण हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केशकाल के टीकाकरण केन्द्र में ही पंजीयन की सुविधा उपलब्ध करवाई गई थी। जहां नगर के 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों ने पंजीयन हेतु आवश्यक दस्तावेज- आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, पासबुक, पेन कार्ड, ड्राईविंग लायसेंस एवं पेंशन अभिलेख आदि लेकर आये और अपना पंजीयन करवाया।
रि. प्राचार्य जी.एस मिश्र को लगा दूसरे चरण का पहला टीका
केशकाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुबह 10 बजे से टीकाकरण हेतु पंजीयन की शुरुआत हुई, जिसमे केशकाल के वरिष्ठ नागरिक व सेवानिवृत्त प्राचार्य जी.एस मिश्र को दूसरे चरण का पहला टीका लगाया गया। टीका लगवाने के पश्चात जी.एस मिश्र ने कहा कि आज हमें कोरोना वैक्सीन का टीका लगाया गया हमे बहुत खुशी हुई, यह प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वे यह टीका लगवाएं, इसमें किसी प्रकार की कोई तकलीफ नही हैं।
वरिष्ठ व्यापारी जगदीश राठी ने कहा कि कल रात हमे जानकारी मिली थी कि सोमवार से केशकाल अस्पताल में टीकाकरण शुरू होने वाला है। जिसके तहत आज सुबह मैने अपनी धर्मपत्नी के साथ अस्पताल आकर अपना पंजीयन करवाया और वैक्सीन का टीका लगवाया। मैं सभी को यह संदेश देना चाहता हु की भ्रम में न रहें जल्द से जल्द आकर यह टीका लगवाएं और सरकार की इस सराहनीय पहल का लाभ लें।

