कमलेश रजक / मुंडा : वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने तीसरी बार केंद्रीय बजट पेश किया। कोरोना महामारी के बाद पटरी से उतरी अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए यह बजट काफी अहम माना जा रहा था। बजट से युवा राजनीतिक दल, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, छात्रो, गृहणी, सरकारी, प्राइवेट कर्मचारी सभी उम्मीद भरी नजरों से देख रहे थे। इस आम बजट पर सभी ने अपनी मिली जुली प्रतिक्रिया दी है। अधिकतर लोगों का कहना है कि यह बजट मंहगाई बढ़ाने वाला है। सोमवार को 11 बजे जैसे ही वित्त मंत्री ने लोकसभा में आम बजट पर भाषण शुरू किया तो लोग अपनी टीवी सेट खोल कर बैठ गए। बजट पेश होने के बाद बाजार में आम बजट को लेकर प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई।
नवनियुक्त भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष श्रीमति सुलोचना यादव ने कहा कि इस बजट में समाज के हर वर्ग के लोगों को राहत देने का प्रयास किया गया है। किसानों के समृतिद्व तथा किसानों के फसल को कैसे दोगूना किया जाय तथा किसान का उपज कैसे बढ़े, किसानों की समृद्वि के लिए इस बजट में विशेष रूप से ध्यान रखा गया हैं। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा व स्वास्थ्य जैसे बुनियादी चीजों के लिए इस बजट में विशेष रूप से प्रावधान रखा गया है।
ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष गुरूदयाल यादव ने कहा कि बजट में कुछ नहीं है टोटल भ्रम है। मध्यम वर्ग, युवाओं पढ़े, लिखे युवा के साथ धोखा है। सबसे ज्यादा उपेक्षा मध्यम वर्ग की हुई है। सरकार के इस बजट से लोगों को निराशा ही हाथ लगी है। पिछले 1 वर्ष से कोरोना संक्रमण के चलते किये गये लाॅकडाउन के कारण देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह गिर चुकी है। ऐसे में लोगों को इस आर्थिक संकट से उबारने के लिए केन्द्रीय बजट में करदाताओं को किसी तरह के राहत मिलने की उम्मीद थी जो पूरी तरह टूट गई है।
भाजपा मण्डल अध्यक्ष विजय यादव ने कहा कि केन्द्र सरकार का फोकस सब का साथ सब का विकास पर है। आत्म निर्भर भारत के सपना इस बजट से साकार होगा। प्रधानमंत्री ने सभी का ध्यान रखा कोरोना महामारी से निपटने के लिए अच्छा पैकेज दिया गया है।
कांग्रेस पार्षद व काॅलेज जनभागीदारी अध्यक्ष मृत्युजंय पाण्डेय ने कहा कि यह बजट जनहितैशी बजट नहीं है। इस बजट का कांगे्रस पार्टी विरोध करती है। इसमें जनकल्याणकारी योजनाओं का अभाव दिख रहा है। किसानों, गृृहणियों, बेरोजगारों के लिए यह बजट निराशाजनक है।
भाजपा नेता व पूर्व एल्डमेन सहदेव जोशी ने कहा कि इस बजट में राष्ट्रीय राजमार्गो का विस्तार, रेल, बंदरगाहों एयरपोर्ट पर विशेष ध्यान दिया दिया गया है। बुजूर्गो को आयकर में छुट, किसान एवं मजदूरों को लाभ मिलेगा।
कांग्रेस सेवादल प्रदेश सचिव अजय ताम्रकार ने कहा कि केन्द्र की बजट में किसी भी वर्ग को कोई राहत नहीं दी गई। बेरोजगारों के लिए बजट में कोई प्रावधान न कर युवाओं को छलने का काम किया गया है। खासकर युवाओं को नौकरी देने के लिए कोई विशेष प्रायोजन बजट में शामिल नहीं किया गया है।
भाजपा नेता व पूर्व पार्षद पारस ताम्रकार ने कहा कि बजट में सभी वर्गो का ध्यान रखा गया है। खासकर, कृषि, स्वास्थ्य, अधोसंरचना, विकास, शिक्षा और रोजगार का समावेश युवाओं को ध्यान में रखकर किया गया है।
कांग्रेस जिला महामंत्री अमर मिश्रा ने कहा कि निराशाजनक बजट पेश कर जनता को निराश किया गया। इस बजट में रोजगार की कोई संभावना नहीं है। उद्योगों को कोई राहत नहीं दी गई है और साथ ही पेट्रोल व डीजल के दामों में कमी नहीं की गई है।
जोगी कांग्रेस छात्र नेता व प्रदेश सचिव सुशील बंजारे ने कहा कि इस बजट में मंहगाई बढ़ेगी। मोदी सरकार एयरपोर्ट सड़के, बिजली, ट्रांसमिसन, लाइन, रेलवेे काॅरिडोर, वेयरहाउस, रेल, बैक, बीमा कम्पनी, और स्टेडियम को बेचेगी और सात बंदरगाह भी निजी हाथों में जाएंगे। जिससे निश्चित तौर पर निजी कम्पनियों की मनमानी बढ़ेगी।