समैया पागे/ बीजापुर। राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत् जिले में लक्ष्य के अनुरूप 41 हजार 587 बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलायी गयी। इस दिशा में बच्चों के माता-पिता एवं अभिभावकों ने भी उत्साह के साथ सक्रिय सहभागिता निभाया और अभियान के प्रथम दिवस पर 31 जनवरी को पोलियो बूथ में पोलियो की खुराक पिलाने के लिए अपने बच्चों को लेकर पहुँचे। वहीं जिले की विषम भौगोलिक परिस्थिति के बावजूद टीकाकरण दलों ने अभियान के दूसरे एवं तीसरे दिवस घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलायी। इस बारे में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बीजापुर डाॅ. बीआर पुजारी ने बताया कि जिले में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत् कुल लक्षित 41 हजार 597 बच्चों के एवज में 41 हजार 587 नौनिहालों को पोलियो की खुराक पिलायी गयी। जिले में पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाये जाने हेतु टीकाकरण दलों के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सहायिकाओं, मितानिनों के साथ ही केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने अहम भूमिका निभायी। वहीं इस दिशा में पंचायत पदाधिकारियों, महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं सहित अन्य मैदानी अमले ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। सीएमएचओ डाॅ. पुजारी ने बताया कि राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत् जिले में प्रथम दिवस 31 जनवरी को पोलियो बूथों में 35 हजार 678 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलायी गयी। वहीं टीकाकरण दलों ने द्वितीय दिवस 1 फरवरी को घर-घर जाकर 3 हजार 623 बच्चों तथा तृतीय दिवस 2 फरवरी को गृह भेंट कर 2 हजार 286 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलायी। सीएमएचओ डाॅ. पुजारी ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत् लक्ष्य के मुताबिक सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए सहयोग प्रदान करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया है
बीजापुर : जिले में लक्ष्य के अनुरूप 41 हजार 587 बच्चों को पिलायी गयी पोलियो की दवा

