प्रांतीय वॉच

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियों का लिया जायजा

Share this

आफताब आलम/ बलरामपुर : कलेक्टर  श्याम धावड़े तथा पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस की तैयारियों का जायजा लेने पुलिस लाइन ग्राउंड पहुंचे। उन्होंने विभिन्न विभागीय अधिकारियों से बात कर उन्हें सौंपे गए दायित्व के अनुरूप कार्य करने को कहा। ज्ञात हो कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह पुलिस लाईन ग्राउंड बलरामपुर में आयोजित किया जाएगा तथा संसदीय सचिव एवं विधायक श्री पारसनाथ राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में ध्वजारोहण का कार्यक्रम होगा। कलेक्टर श्री श्याम धावड़े ने पुलिस लाइन ग्राउंड बलरामपुर पहुंचकर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बलरामपुर श्री अजय किशोर लकड़ा से गणतंत्र दिवस की तैयारियों के बारे में जानकारी ली और कहा कि समस्त विभागीय अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर तैयारियों को समय पर पूर्ण कर लेवें। उन्होंने अधिकरियों को राज्य शासन के निर्देशों से अवगत कराते हुए कहा कि कोविड को ध्यान में रखते हुए गणतंत्र दिवस समारोह सीमित स्तर पर आयोजित किया जाएगा, लेकिन गरिमा में कोई कमी नहीं होगी। कलेक्टर श्री धावड़े ने स्वास्थ्य कर्मियों के सम्मान की समस्त तैयारियां तथा बैठने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने तैयारियों में लगे कर्मचारियों से बात कर मंच की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में आवश्यक जानकारी ली।

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने बसंतपुर गौठान का किया निरीक्षण

राज्य शासन सुराजी गांव योजना अंतर्गत ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने तथा गौठानों को मल्टीएक्टिविटी सेंटर के रूप विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विकासखंड वाड्रफनगर के बसंतपुर गौठान में विभिन्न आजीविकामूलक गतिविधियों के संचालन से महिलाएं आर्थिक रूप से सक्षम हो रही हैं। कलेक्टर श्री श्याम धावडे तथा पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने बसंतपुर स्थित गौठान का निरीक्षण कर समूह की महिलाओं से बात की तथा उनके द्वारा खरीदे जा रहे गोबर एवं उससे तैयार वर्मी कम्पोस्ट की मात्रा के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने वर्मी टैंक में तैयार किए जा रहे खाद की गुणवत्ता की जांच की तथा महिलाओं ने उन्हें खाद निर्माण की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया। इसके पश्चात कलेक्टर ने गौठान के मशरूम उत्पादन इकाई का अवलोकन किया। मशरूम उत्पादन कर रही महिला समूह की सदस्य सीता ने उन्हें बताया कि वे ऑयस्टर मशरूम का उत्पादन कर रही हैं तथा अब तक तीन हजार रुपए के मशरूम विक्रय कर चुकी हैं। उन्होंने महिलाओं की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा उन्हें हरसंभव सहायता दी जाएगी। इस दौरान कलेक्टर श्री धावड़े ने गौठान में पैरादान करने आए कृषकों को धन्यवाद देते हुए अन्य कृषकों को भी पैरादान के लिए प्रेरित करने की बात कही।

धान खरीदी केंद्र बसंतपुर तथा धनवार बैरियर का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

राज्य शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 के लिए किसानों से समर्थन मूल्य में धान की खरीदी की जा रही है। धान के अवैध परिवहन तथा संग्रहण को रोकने के लिए प्रशासन मुस्तैद है, अवैध गतिविधियों पर कार्यवाही की जा रही है। कलेक्टर श्री श्याम धावडे तथा पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने विकासखंड वाड्रफनगर के धनवार चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण कर सुरक्षाकर्मियों से बात की। ज्ञात हो कि धनवार चेकपोस्ट उत्तर प्रदेश की सीमा से लगा हुआ है तथा इन स्थानों से धान के अवैध परिवहन की संभावना बनी रहती है। कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण के दौरान चेकपोस्ट में पदस्थ सुरक्षा बल के जवानों से आने जाने वाले वाहनों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा तथा अन्य राज्यों से धान खपाने प्रयासों पर पूर्णता रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी में अब कुछ ही दिन शेष है, इसलिए चेकपोस्टों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। इसके पश्चात उन्होंने धान खरीदी केंद्र बसंतपुर का निरीक्षण कर जिला विपणन अधिकारी को धान का शीघ्र उठाव करने के कहा। उन्होंने समिति प्रबंधक से चर्चा कर धान खरीदी की वर्तमान स्थिति के बारे में भी जानकारी ली।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *