रायपुर वॉच

सरकार ने निभाया वादा, भाजपा का शासनकाल 15 साल रहा लेकिन क्या कुछ किया जनता देख चुकी, कांग्रेस सरकार ने 2 साल में कर दिखाया : रविन्द्र चौबे

Share this

रायपुर। राज्य में कांग्रेस की सरकार बने दो साल हो गए हैं,इस मौके पर पूरे प्रदेेश में सरकार के मंत्री-संसदीय सचिव व विधायक सरकार के किए कामकाज का लेखा जोखा रख रहे हैं। रायपुर में प्रभारी मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि भाजपा का शासनकाल 15 साल रहा लेकिन क्या कुछ किया जनता देख चुकी है,हमारी कांग्रेस सरकार ने केवल 2 साल में भी अपने अधिकांश वादे पूरी कर चुकी है जो बचे हैं उन पर काम चल रहा है। इसलिए प्रदेश की जनता पूरी दमदारी से कह रही है भूपेश है तो भरोसा है..। सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रही है,भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा,हमने टोल प्री नंबर जारी कर दिया है जिसमें कोई भी कहीं भी शिकायत दर्ज करा सकता है। किसानों के लिए किए काम धान की खरीदी,कर्जा माफी को पूरे देश में प्रशंसा मिलीष कोरोनाकाल में भी छत्तीसगढ़ में आर्थिक गतिविधियां नहीं थमी। पत्रकार वार्ता में मंत्री श्री चौबे ने कहा कि 17 दिसंबर को भूपेश सरकार के कार्यकाल के दो साल पूरे हो जाएंगे। इन दो सालों में सरकार ने किसानों, आदिवासियों समेत यहां की जनता से किए अपने कई चुनावी वादे पूरे किए। बाकी वादों को भी पूरा करने की दिशा में उनकी सरकार काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पहले छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार का राज था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। कहीं भ्रष्टाचार हो, तो लोग इसकी शिकायत टोल फ्री नंबर पर कर भी सकते हैं।उन्होंने राज्य सरकार के कामकाज की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने सबसे बड़ा वादा यहां के किसानों से कर्ज माफ कर किया। इस वादे को निभाते हुए राज्य सरकार ने 9 हजार करोड़ से अधिक का तोहफा लाखों किसानों को दिया। इतना ही नहीं, उनका डेढ़ हजार करोड़ का लोन भी माफ किया। राज्य सरकार की यह सबसे बड़ी उपलब्धि रही। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के किसानों को केंद्र की योजनाओं का लाभ नहीं मिला। पंजाब, हरियाणा, बिहार, ओडिशा, झारखंड के किसान अपने हक के लिए दिल्ली में आंदोलन कर रहे हैं। उन्हें समर्थन मूल्य तक नहीं मिल पा रहा है। जबकि राज्य सरकार यहां के किसानों को समर्थन मूल्य से भी ज्यादा 25 सौ रुपये क्विंटल में धान खरीद रही है। इसके अलावा अंतर की राशि भुगतान के लिए राज्य सरकार ने राजीव गांधी न्याय योजना लागू कर किसानों को फायदा पहुंचाया। केंद्र सरकार ने इसका पूरा ड्राफ्ट मंगवाया है, लेकिन इस योजना को लागू करेंगे या नहीं, यह नहीं पता। देश के अन्य राज्यों में भी इस योजना का सम्मान हो रहा है। 90 लाख टन धान की खरीदी की तैयारी-मंत्री श्री चौबे ने धान खरीदी का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में धान की खरीदी तेजी से जारी है और इस साल हम 90 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने जा रहे हैं, जिस पर 23 हजार करोड़ से अधिक की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को देखते हुए सभी धान खरीदी केंद्रों में पक्के शेड और चबूतरे बनाए जाएंगे।
17 लाख किसानों का सिंचाई टैक्स माफ -किसानों को दिए एक और फायदा की जानकारी देते हुए कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश के 17 लाख किसानों का सिंचाई टैक्स माफ किया। गोधन न्याय योजना के तहत 64 सौ से अधिक गौठानों का निर्माण कराया। बाकी पंचायतों में भी गौठान बनाए जाएंगे। बस्तर में किसानों को उनकी जमीन वापस दिलाई। 2 रुपये की दर से गोबर खरीदी कर किसानों के खाते में 60 करोड हस्तांरित किया। मंत्री श्री चौबे ने रायपुर समेत अलग-अलग जगहों पर खोले जा रहे गढ़कलेवा की जानकारी देते हुए बताया कि इससे छत्तीसगढ़ी की खो रही अस्मिता को पहचान मिली है।
कोरोनाकाल में भी नहीं आर्थिक गतिविधियां नहीं थमी-उन्होंने लॉकडाउन का जिक्र करते हुए कहा कि देश में अधिकांश जगहों पर कारोबार बंद रहे। औद्योगिक-व्यापारिक गतिविधियां ठप रहीं। लेकिन राज्य में कृषि , औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियां बिल्कुल ठप नहीं रही। बाजार गुलजार रहा। टैक्स, बिजली बिल में छूट दी गई। न्याय योजना से किसानों के खाते में पैसा गया। इस तरह राज्य सरकार की वजह से यहां के लोगों में खुशियां रही।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *