नरसिंग मंडावी/ नारायणपुर : राज्य शासन द्वारा वर्तमान विपणन वर्ष में 2020-21 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन समितियों के माध्यम से किसानों का धान खरीदा जा रहा है। इसके लिए शासन के निर्देशों के तहत् जिला स्तर पर धान खरीदी की पर्याप्त व्यवस्था की गयी है। खरीदी केन्द्रों में किसानों की सुविधा के लिए टोकन प्राप्त करने एवं समय पर विक्रय के लिए सुविधायें मुहैय्या करायी गयी है। किसानों को अपना धान बेचने में किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो इसके लिए सतत मॉनिटरिंग भी की जा रही है। इसी तारतम्य में कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने आज जिले के धान खरीदी केन्द्रों छोटेडोंगर, धौड़ाई और झारा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत को और लायी गयी धान की मात्रा, धान में नमी की मात्रा, जारी टोकन एवं वेबसाइट पर अपलोड की गयी जानकारी आदि की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियांे से कहा कि धान बेचने के लिए आने वाले किसानों को टोकन प्राप्त करने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो इस बात का ध्यान रखें। इसके साथ ही उन्होंने धान खरीदी केन्द्रों में उपलब्ध बारदानों की उपलब्धता आदि के बारे में भी पूछा। कलेक्टर श्री सिंह ने धान खरीदी केन्द्रों में किसानों द्वारा लाये गये धान में उपलब्ध नमी को अपने समक्ष जांच करवाया और धान की गुणवत्ता देखी। इस अवसर पर उनके साथ समिति प्रबंधक श्री प्रतीक अवस्थी, नायब तहसीलदार सुश्री ख्याति नेताम उपस्थित थी।
कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने निरीक्षण के दौरान किसानों से बातचीत की। मौके पर कुछ किसान अपने स्वयं के बारदाने में धान लेकर बेचने के लिए उपार्जन केन्द्र में उपस्थित हुए थे। बातचीत के दौरान कलेक्टर ने किसानों से कहा कि यदि वे सहमत हो तो, अपने बारदाने समिति को बेच सकते हैं। इसके लिए उनके बारदाने की कीमत का भुगतान कर दिया जायेगा। धान खरीदी केन्द्रों में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जो किसान अपना धान बेच चुके है, और जिनका रकबा समर्पित करना है, उनकी जानकारी तत्काल ऑनलाईन इंद्राज करना सुनिश्चित करें। उन्होंने तीनों धान खरीदी केन्द्रों में तराजू-बाट की गुणवत्ता के साथ ही वजन, उपलब्ध बारदानों को रखने की व्यवस्था, खरीदी गये धान को सही तरीके से छल्ली लगाने की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से बातचीत की, ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें वृद्धावस्था और निःशक्तजन पेंशन नहीं मिल पा रही है। इस पर उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारी को संबंधित के प्रकरण पर कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों का किया सघन दौरा, धान खरीदी केन्द्रों में उपलब्ध बारदानो की ली जानकारी
