प्रांतीय वॉच

राम वनगमन पथ पर 16-17 दिसम्बर को विशाल बाईक रैली, रामपाठ का आयोजन

Share this
  • कलेक्टर ने बैठक में की तैयारी की समीक्षा

दिनेश वाजपेयी/ बलौदाबाजार :  राम वनगमन पथ पर जिले में 16 एवं 17 दिसम्बर को बाईक रैली, पर्यटन रथ एवं रामपाठ का आयोजन किया जाएगा। यह रैली 16 दिसम्बर को बिलाईगढ़ तहसील की सारंगढ़ की सीमा से लगे ग्राम तेन्दूभांठा से सवेरे 8 बजे शुरू होगी जो कि दूसरे दिन 17 दिसम्बर को दोपहर लगभग 12 बजे महासमुंद जिले की सीमा के ग्राम औराई तक जायेगी। जिला कलेक्टर श्री सुनील कुमार जैन की अध्यक्षता में आज जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की बैठक में रैली की तैयारी को अंतिम स्वरूप दिया गया। बैठक में कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र शर्मा, जिला अध्यक्ष श्री हितेन्द्र ठाकुर एवं श्री गंभीर सिंह ठाकुर सहित प्रभारी एसपी श्री जे.आर.ठाकुर, डीएफओ श्री आलोक तिवारी, जिला पंचायत सीईओ फरिहा आलम सिद्धिकी, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र गु प्ता, एडिशनल एसपी निवेदिता पाल आदि वरिष्ठ अफसर उपस्थित थे। बलौदाबाजार जिले की सीमा पर स्थित ग्राम तेन्दूभांठा में 16 दिसम्बर को सवेरे 8 बजे बिलाईगढ़ विधायक एवं संसदीय सचिव श्री चन्द्रदेव राय रायगढ़ जिले के सारंगढ़ से होकर आने वाली बाईक रैली का स्वागत करेंगे।  सवेरे 8 से 10 बजे तक यहां  पर्यटन रथ एवं रैली में शामिल रामभक्तों का स्वागत सत्कार किया जाएगा। पुष्पदलों की बौछार के साथ उनका स्वागत किया जाएगा। श्री राय सवेरे 10 बजे रैली को हरी झण्डी दिखाकर गिधौरी के लिए  रवाना करेंगे। यह रैली दोपहर 1 बजे गिधौरी पहुंचेगी। बाईक रैली में रामायण पुस्तक, प्रतीक चिन्ह लेकर पर्यटन रथ 40 बाईक के साथ चलेगी। रैली में भगवान श्रीराम के आध्यात्मिक भजन एवं चैपाईयां चलाई जाएंगी। यह रैली तेन्दूभांठा से सरसीवां, पीपरडुला, भटगांव, सेमरिया, गोपालपुर, छुईहा, बेलटुकरी, पवनी चैक, गायत्री मंदिर टुण्डरी, अमलडीहा और खपरीडीह से होते हुए गिधौरी पहुंचेगी। रास्ते के चुनिंदा गांवों में रामपाठ का आयोजन होगा।  रैली को पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया जायेगा। रामायण मण्डली के सदस्यों द्वारा मानवश्रृंखला बनाया जायेगा। मुनिचुआं से मिट्टी एकत्र कर रैली को सौंपा जाएगा। गिधौरी में विश्राम वट से मिट्टी एकत्र कर कलश में रखकर रथ को सौंपा जाएगा। राम वन गमन पथ की व्यवस्था के लिए विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिवरीनारायण से दूसरे दिन 17 दिसम्बर को आने वाली रैली का सवेरे 8 बजे गिधौरी में स्वागत किया जाएगा। गिधौरी से यह रैली आगे बरपाली, हसुआ अमौदी से होते हुए कटगी पहुंचेगी। संसदीय सचिव एवं कसडोल विधायक सुश्री शकुन्तला साहू कटगी में रैली का स्वागत और आगे के लिए हरी झण्डी दिखाएंगी। कटगी में भी रैली के स्वागत एवं रामपाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद आगे कसडोल, कोसमसरा, बोरसी, ठाकुरदिया, पुटपुरा, सुकदा, मुढ़ीपार, बल्दाकछार से होते हुए लगभग 12 बजे जिले की सीमा के अंतिम ग्राम औराई पहुंचेगी। जगह-जगह रैली का फूलों की वर्षा से स्वागत किया जाएगा। यह रैली 17 तारीख को रायपुर जिले के आरंग विकासखण्ड के ग्राम चन्द्रखुरी में समवेत होगी, जहां मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के मुख्य आतिथ्य में रैली का समापन समारोह आयोजित किया गया है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *