बालकृष्ण मिश्रा/ सुकमा : राज्य सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी एक दिसंबर से शुरू होने जा रहा है। जिले में धान के अवैध भंडारण को रोकने के लिए राजस्व एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों द्वारा सतत् निगरानी की जा रही है। अधिकारियों द्वारा जिले में संचालित थोक एवं चिल्लहर व्यापारियों के गोदामों में रखे गए धान का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। आज स्टॉक सत्यापन की कार्यवाही के दौरान छिंदगढ़ ब्लॉक के कूकानार में थोक व्यापारी अभय कुमार सिंह के धान स्टॉक में गड़बड़ी पाई गई। सत्यापन में धान की मात्रा स्टॉक से 75 बोरा अधिक मिली। राजस्व एवं खाद्य अधिकारियों द्वारा की गई जांच में लगभग 30 क्विंटल धान की अधिकता पाई गई। स्टॉक से अधिक मात्रा में रखे गए धान को अधिकारियों द्वारा जब्त किया गया। जब्ती पश्चात मंडी अधिकारियों द्वारा थोक व्यापारी पर मंडी अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई। कलेक्टर श्री विनीत नंदनवार के निर्देशानुसार जिले में संचालित समस्त थोक एवं चिल्हर व्यापारियों के गोदामों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। स्टॉक में अनियमितता एवं गड़बड़ी पाए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्यवाही की जा रही है।
स्टॉक से अधिक मात्रा में मिला धान, राजस्व एवं खाद्य अधिकारियों द्वारा किया गया जब्त

