- धान खरीदी के पहले दिन 1452 किसानों को टोकन जारी, जिले में 75 हजार 217 किसान पंजीकृत, 03 लाख 25 हजार मिट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य
किरीट ठक्कर/ गरियाबंद : राज्य शासन के समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरूआत 01 दिसम्बर से हो गई है। शासन के निर्देशानुसार उपार्जन केन्द्रों में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध की गई है। 01 दिसम्बर के लिए 1452 किसानों को टोकन जारी किया गया है, जिनसे 52 हजार क्विंटल धान की खरीदी की जायेगी। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के पहले दिन ही आज कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ,जिला पंचायत सीईओ विनय लंगेह सहित नोडल अधिकारी, खाद्य अधिकारी और राजस्व विभाग द्वारा गरियाबंद, छुरा विकासखण्ड के धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। गरियाबंद विकासखंड के ग्राम सड़क परसुली, छुरा के कृषि उपज मंडी, ग्राम लोहझर, खडमा, रानीपरतेवा और सोरिद में अधिकारियों द्वारा धान खरीदी का जायजा लिया गया।
कलेक्टर क्षीरसागर ने धान खरीदी का जायजा लेते हुए किसानों से टोकन की जानकारी, बारदाना कि उपलब्धता और मौके पर धान बेचने आये किसानों से बातचीत की। उन्होंने समिति प्रबंधक को छोटे एवं मध्यम किसानों को टोकन जारी कर धान पहले खरीदने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने किसानों से धान को सुखाकर और पर्याप्त सफाई कर विक्रय हेतु लाने कहा है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर द्वारा मॉस्चराइजर मशीन से धान की नमी मापी गई। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने धान खरीदी केन्द्रों में शासन के निर्देशानुसार धान खरीदी के निर्देश दिये है। धान नमी का औसत 17 प्रतिशत से अधिक नहीं होनी चाहिए। कलेक्टर ने किसानों को धान अच्छी तरह सुखाकर एवं सफाई कर विक्रय हेतु लाने कहा है। टोकन प्राप्त किसान भौतिक रूप से उपस्थित रहे तथा उनके पास पंजीयन प्रमाण पत्र उपलब्ध हो। साथ ही समिति प्रबंधकों को बारदाना समिति कैम्पस में रखने के निर्देश दिये है। ज्ञात है कि जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 अंतर्गत 03 लाख 25 हजार मीट्रिक टन धान खरीदी किया जाना है। जिले में 75 हजार 217 किसान पंजीकृत है। नोडल अधिकारी ने बताया कि प्रतिदिन लगभग 8 हजार मीट्रिक टन धान खरीदी किया जाएगा। जिले में 67 समितियों के माध्यम से 76 उपार्जन केंद्रों में खरीदी होगी। इनमें से 14 नए केंद्र हैं जहां पहली बार खरीदी होगी।