- अड़ेंगा में हुआ भव्य कार्यक्रम सैकड़ों किसान हुए शामिल, किसानों ने दिया संतराम नेताम को धन्यवाद
प्रकाश नाग/ केशकाल : केशकाल विधानसभा क्षेत्र के किसान आज खुश हैं क्योंकि केशकाल विधायक व बस्तर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संतराम नेताम के द्वारा आज ग्राम अड़ेंगा, अरण्डी, खलेमुरवेंड व तोड़ासी इन चारों जगहों पर नवीन धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ किया गया। किसानों का कहना है कि उन्हें समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने के लिए 10 से 20 किलोमीटर दूर धान खरीदी केन्द्र जाने से निजात मिल गयी। अब किसानों को नवीन धान खरीदी केंद्रों में धान विक्रय करने की सुविधा होगी। जिसका उद्घाटन आज केशकाल विधायक संतराम नेताम के द्वारा किया गया।
लेम्प्स उद्घाटन समारोह में सैकड़ों की संख्या में शामिल हुए किसान
बता दें कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदेश के किसानों को हर संभव सहूलियत देने की कोशिश की जा रही हैं। किसानों को उनके द्वारा उत्पादित धान उनके निवास या गांव के आस-पास ही बेचने की सुविधा प्रदान दी जा रही है। जिसको लेकर शनिवार को विधायक संतराम नेताम ने अलग अलग 4 ग्रामों में नवीन लेम्प्स का उद्घाटन किया गया। जहां अड़ेंगा में धान खरीदी केंद्र के शुभारंभ हेतु भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में आस पास के क्षेत्र के किसान शामिल हुए।
नवीन धान खरीदी केंद्र खुलने के बाद अब किसानों को नही होगी कोई परेशानी
कार्यक्रम के दौरान विधायक संतराम नेताम ने कहा कि पिछले कई वर्षों से धाम बिक्री हेतु आर्थिक व मानसिक बोझ उठाना पड़ता था। और उन किसानों को धान बेचने के लिए 10-15 किलोमीटर की दूरी तय कर के बहिगांव लेम्प्स जाना पड़ता था। जिसके चलते किसान काफी परेशान थे। किसानों की मांग पर आज ग्राम अड़ेंगा में नवीन लेम्प्स का उद्घाटन किया गया, जिसको लेकर क्षेत्र के सैकड़ों किसान उत्साहित दिखे। साथ ही छत्तीसगढ़ सरकार ने 27 नवम्बर से ही इन किसानों के लिए टोकन काटना शुरू कर दिया है आगामी 1 दिसम्बर से धान खरीदी किया जाएगा। सभी पंजीकृत किसानों का धान निर्धारित समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा।
नवीन लेम्प्स उद्घाटन पर सरपंचों ने भी जाहिर की खुशी-
इस दौरान ग्राम डोहलापारा के सरपंच ओमप्रकाश मरकाम ने बताया कि अड़ेंगा लेम्प्स पर 8 ग्राम पंचायत के किसान आश्रित थे जो कि पहले धान बेचने 10-15 किलोमीटर दूर बहिगांव जाते थे। लेकिन पंचायतों के विभाजन के बाद कुछ नए ग्राम पंचायत बने जिसके बाद बहिगांव लेम्प्स को भी दो भागों में बांटा गया है, जिसमे अड़ेंगा में एक नया लेम्प्स बनाया गया है। जिसके उद्घाटन हेतु आज केशकाल विधायक संतराम नेताम जी अड़ेंगा पहुँचे हैं। जिसके लिए हम मननीय विधायक महोदय संतराम नेताम जी को धन्यवाद देते हैं। इस दौरान कोंडागांव जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मातलाम, केशकाल जनपद पंचायत अध्यक्ष महेंद्र नेताम, जनपद सदस्य गण, सभी ग्रामों के सरपंच-उपसरपंच गण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाज के प्रमुख व सैकड़ों किसान मौजूद रहे।

