रायपुर । भाजपा नेता एवं जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष अशोक बजाज ने कहा कि कांग्रेस के नेता केंद्र सरकार द्वारा किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए उठाए गए कदमों का विरोध कर किसानों को आंदोलन के लिए उकसाने का काम कर रहे हैं , स्वयं कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार एमएसपी की दवाई दे रहे हैं, जबकि पंजाब के किसान अभी तक इस सीजन में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 200 लाख मेट्रिक टन से अधिक धान बेच चुके है। पंजाब में 25 सितंबर से ही धान खरीदी शुरू हो गई थी जबकि छत्तीसगढ़ में धान की खरीदी अभी तक शुरू नहीं हुई है । श्री बजाज ने आरोप लगाया कि पंजाब की कांग्रेस सरकार ने जानबूझकर 400 खरीदी केंद्रों में धान खरीदी का काम बंद कर दिया है ताकि किसान सारा दोष नए कानूनों पर मढ़ सके । उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में तो अभी तक धान खरीदी शुरू ही नहीं हुई और ना ही धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्था दुरुस्त हुई है, खरीदी केंद्रों के लिए ना ही राशि आबंटित हुई है और ना ही बारदाना पहुंचा है । किसान टोकन के लिए आज दिनभर सोसाइटी का चक्कर काटते रहे लेकिन टोकन नहीं मिला है । छत्तीसगढ़ के किसान एक तरफ तो बेमौसम बारिश तो दूसरी तरफ सरकार की बेरुखी से परेशान है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सलाह है कि एकाध ट्वीट छत्तीसगढ़ के किसानों की दशा पर भी करें।
प्रदेश भर में टोकन के लिए मारामारी, राहुल गांधी एकाध ट्वीट छत्तीसगढ़ के किसानों की दशा पर भी करें – अशोक बजाज

