प्रांतीय वॉच

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किया विकास कार्यों का निरीक्षण 

Share this

अक्कू रिजवी/ कांकेर : मुख्यमंत्री के संसदीय सलाहकार  राजेश तिवारी, कांकेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं संसदीय सचिव श्री शिशुपाल शोरी, कलेक्टर श्री चन्दन कुमार और वनमण्डलाधिकारी अरविन्द पी.एम. ने आज कांकेर विकासखण्ड के ग्राम कुलगांव पहुंचकर निर्माणाधीन कौशल उन्नयन प्रशिक्षण का अवलोकन किया।
उल्लेखनीय है कि ग्राम कुलगांव के ‘‘गांधी ग्राम’’ में जिला प्रशासन एवं वन मण्डल कांकेर द्वारा कौशल उन्नयन प्रशिक्षण केन्द्र का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें प्रशिक्षण कक्ष, रसोई घर और डायनिंग व्यवस्था सहित 100 प्रशिक्षुओं के ठहरने की व्यवस्था होगी। इस प्रशिक्षण केन्द्र का संचालन वन प्रबंधन समिति कुलगांव के इन्दिरा वन मितान स्व-सहायता समूह द्वारा किया जाएगा। प्रशिक्षण केन्द्र में प्रमुख रूप से वनोपज प्रसंस्करण (लाख प्रसंस्करण, हर्रा प्रसंस्करण, इमली प्रसंस्करण), लाख उत्पादन, शहद उत्पादन के लिए आधुनिक विधि, औषधीय पौधांे की खेती, बांस आधारित उत्पाद निर्माण, गोबर से विभिन्न उत्पाद जैसेः-फ्यूल प्लेट, दीया, कार्ड, खाद, वर्मी कम्पोस्ट, जैविक खाद का निर्माण, नर्सरी कार्य, बाड़ी, माली, पशु स्वास्थ्य कार्यकर्ता, मछली पालन, कुक्कुट पालन, मशरूम उत्पादन जैसे विभिन्न गतिविधियों में प्रशिक्षण दिया जाएगा, इसके अलावा शासन द्वारा संचालित अन्य योजनाओं में भी प्रशिक्षण दिए जाएंगे, जिससे उनका कौशल उन्नयन होगा तथा लघु वनोपज आधारित कुटीर उद्योग एवं ग्रामोद्योग को बढ़ावा मिलेगा, इससे क्षेत्र के युवाओं के रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
कुलगांव में किये जा रहे विकास कार्यों के निरीक्षण पश्चात् संसदीय सलाहकार श्री तिवारी, विधायक श्री शोरी और कलेक्टर व डीएफओ ने गढ़िया पहाड़ पहुंचकर सिंह द्वार, होलिका दहन स्थल, फांसी भांठा स्थल एवं गढ़िया पहाड़ के विभिन्न व्यू-पाईंट का अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि गढ़िया पहाड़ को राम-वन-गमन पथ एवं बाॅयोडायवर्सिटी पार्क के रूप में विकसित किया जा रहा है, इसके तहत् गढ़िया पहाड़ में बस्तर के आदिम जाति संस्कृति एवं जैवविविधता का प्रदर्शन और पहाड़ में स्थित सोनई-रूपई तालाब एवं पहाड़ के नीचे स्थित कंकालिन तालाब का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
मिनी स्टेडियम के दुकानों में गुमटी वालों को किया जाएगा शिफ्ट
नया बस स्टेण्ड के सामने निर्माणाधीन मिनी स्टेडियम में छोटे-छोटे दुकानों का निर्माण किया गया है, जिनमें गुमटी वालों को शिफ्ट करने के लिए मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देशित किया गया है। मुख्यमंत्री के संसदीय सलाहकार श्री राजेश तिवारी, संसदीय सचिव श्री शिशुपाल शोरी, कलेक्टर श्री चन्दन कुमार और नगरपालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष श्री जितेन्द्र सिंह ठाकुर ने आज निर्माणाधीन मिनी स्टेडियम का निरीक्षण कर कार्य के प्रगति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने डेली मार्केट में दुकान निर्माण स्थल एवं अन्नपूर्णापारा में दूध नदी में प्रस्तावित पुलिया सह-स्टाप-डेम स्थल का भी जायजा लिया एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका कांकेर के पूर्व अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह ठाकुर, एसडीएम कांकेर उमाशंकर बंदे, नगरपालिका अधिकारी दिनेश यादव एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी संदीप सिंह भी मौजूद थे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *