प्रांतीय वॉच

शराब के नशे में आए दिन पिता की मारपीट से परेशान बेटे ने तैश में आकर पिता को उतारा मौत के घाट, आरोपी नाबालिग बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार किया 

Share this
राजकुमार साहू/ जांजगीर-चाम्पा : मुलमुला पुलिस ने पिता को मौत के घाट उतारने वाले नाबालिग 15 साल के बेटे को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने हत्या का जुर्म दर्ज कर उसे किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया. दरअसल, मामला करूमहु गांव का है. 40 वर्षीय उत्तरा केंवट अपने 15 साल के बेटे के साथ रहता था. एक माह पहले उसकी पत्नी की मौत हुई थी. उत्तरा केंवट शराब पीने का आदी था और अपने बेटे से नशे में अक्सर मारपीट करता था. इससे उसका नाबालिग बेटा त्रस्त था. कल 20 नवम्बर की रात उत्तरा केंवट ने उससे फिर मारपीट की, जिसके बाद बेटे ने तैश में आकर पत्थर से मारकर अपने पिता को मौत के घाट उतार दिया. वारदात के बाद आरोपी नाबालिग बेटे ने कमरे के भीतर बह रहे खून को भी पोंछा. बाद में मृतक उत्तरा के बड़े भाई, आंगन में पहुंचा तो देखा कि कमरे के अंदर से लाल पानी निकल रहा है और उसके बाद उसने कमरे में जाकर देखा, यहां खून से लथपथ लाश देखकर वह सन्न रह गया. इस दौरान 15 साल लड़का भी मौके पर बैठा था. मामले की सूचना मुलमुला पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वारदात की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी मधुलिका सिंह, एसडीपीओ दिनेश्वरी नन्द मौके पर पहुंची. साथ ही, एफएसएल, फिंगर एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची. यहां जांच के बाद मृतक के नाबालिग बेटे से पूछताछ हुई तो उसने अपने पिता द्वारा नशे में मारपीट करने से परेशान रहने और उसके बाद पत्थर से मारकर हत्या करने की बात कही. मामले में पुलिस ने आईपीसी की धारा 302 के तहत जुर्म दर्ज किया है और आरोपी नाबालिग लड़के के मेमोरेंडम पर घटना में प्रयुक्त पत्थर को जब्त किया गया है.
Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *