- पाटन का भी स्कूल सबसे सुंदर बनेगा, शिक्षा के क्षेत्र में मिसाल कायम करेंगे यह स्कूल
- कलेक्टर डाॅ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने दिये निर्देश, पाटन के स्कूल का किया निरीक्षण, जनता स्कूल में किये जाने वाले अन्य कार्यों के संबंध में दिये निर्देश
दुर्ग : भिलाई-3 का गौरव जनता स्कूल का एक हिस्सा अब छात्रों की पढ़ाई के लिए तैयार हो गया है। इसके जीर्णोद्धार का कार्य पूरा हुआ है। अंचल के सबसे प्रतिष्ठित स्कूलों में से एक माना जाने वाले जनता स्कूल मध्यप्रदेश के तत्कालीन राज्यपाल श्री पट्टाभी सीतारमैया जैसी अनेक गणमान्य हस्तियों का स्वागत कर चुका है। अनेक प्रतिष्ठित लोगों ने यहां से अपनी प्रारंभिक पढ़ाई पूरी की और आज ख्याति अर्जित कर रहे हैं। इस स्कूल में इंग्लिश मीडियम की पढ़ाई के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा किया गया है। लैब बनाये गए हैं और लाइब्रेरी भी बनाई गई है। इसके निर्माण में सबसे खूबसूरत पक्ष यह है कि किसी भी पेड़ को काटा नहीं किया गया है। पोर्च जरूर बनाया गया है। पोर्च के भीतर पेड़ शान से खड़े हैं। कलेक्टर डाॅ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने आज स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यहां अच्छा काम हुआ है। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा कि अन्य स्कूलों का भी जीर्णोद्धार हो रहा है। उनमें भी इस स्कूल में किये गए कार्यों से प्रेरणा ले सकते हैं। निगम आयुक्त श्री कीर्तिमान राठौर ने स्कूल में भविष्य के लिए प्रस्तावित अन्य कार्यों के संबंध में भी जानकारी दी। कलेक्टर ने कहा कि स्कूल की बेहतरी के लिए हर संभव मदद दी जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रवास सिंह बघेल भी इस मौके पर उपस्थित थे।