किरीट ठक्कर / गरियाबंद : जिले के पांडुका थाना क्षेत्र में आज एक हृदय विदारक हादसा हो गया।यहाँ करंट लगने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई है। घटना पांडुका थाना क्षेत्र के सरकडा गांव की बताई जा रही है।
बताया जा रहा है की सरकड़ा निवासी दामन कंवर अपनी पत्नी एरिन बाई और भांजे ओम कंवर के साथ अपने घर से लगे खेत में दवाई छिड़क रहे थे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गये। जानकारी के अनुसार पंप कनेक्शन की तार टूट कर खेत में गिरी हुई थी, जिससे विद्युत प्रवाह खेत में प्रवाहित हो गया और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास लोगों को जब चीखने चिल्लाने की आवाज सुनाई दी तब वे मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी विद्युत विभाग को दी गई विद्युत विभाग के अधिकारियों ने विद्युत प्रवाह बंद किया तब कहीं जाकर तीनों को करंट से मुक्त कराया गया।उसके बाद तीनों को 108 से तत्काल पांडुका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने तीनो को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पांडुका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है वही अचानक हुई इस ह्रदय विदारक घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसर गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना देते रहे।

