नई दिल्ली। देश में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है. भारत में सितंबर में बेकाबू हो चुके कोरोना से से 47 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं वहीं, अब तक 78 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. रविवार सुबह स्वास्थ्य मंत्रालय (Ministry Of Health) की तरफ से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में देश में कोरोना के 94,372 मामले दर्ज किए गए हैं. वहीं, इस दौरान 1,114 लोग इस जानलेवा वायरस के शिकार बने हैं. इसके साथ ही देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 47,54,357 पहुंच गया है और अब 78,586 लोगों की मौत हो चुकी है. भारत में अभी फिलहाल 9,73,175 एक्टिव मामले हैं वहीं, 37,02,596 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं.
बता दें कि देश में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र (Maharashtra Coronavirus Updates) में इसके संक्रमितों का आकड़ा बढ़कर 10,37,765 पहुंच गया है. महाराष्ट्र में शनिवार को कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण के 22,084 नए मामले सामने आए और इस दौरान 391 रोगियों की मौत के बाद राज्य में मृतकों की संख्या बढ़कर 29,115 हो गई है.
वहीं, दुनिया में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा भी बढ़कर 2 करोड़ 84 लाख के पार पहुंच चुका है. दुनियाभर में 9 लाख 14 हजार से ज्यादा लोग अब तक इस जानलेवा वायरस के शिकार बन चुके हैं. भारत दुनिया में दूसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश है. पहले नंबर पर अमेरिका है, जहां कोरोना वायरस से 1 लाख 92 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है और संक्रमितों की संख्या 64 लाख 43 हजार से ज्यादा है. अमेरिका में 38,32,381 एक्टिव मामले हैं, वहीं 24,17,878 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है.
मालूम हो कि भारत कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में भले ही दूसरे स्थान पर हो लेकिन सबसे ज्यादा जान गंवाने वाले देशों की सूची में इसका स्थान तीसरा है. अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा मौतें ब्राजील में हुई हैं. ब्राजील में इस जानलेवा वायरस से अब तक 1 लाख 29 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. दुनिया में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में संक्रमितों का आंकड़ा 42 लाख से ज्यादा है.

