नई दिल्ली: दिल्ली दंगे के मामले में शनिवार को एक अहम खुलासा हुआ। इस खुलासे से राजनीतिक जगत में हलचल बढ़ना तय माना जा रहा है। दिल्ली दंगे की साजिश रचने वालों में माकपा महासचिव सीताराम येचुरी और स्वराज अभियान के नेता योगेंद्र यादव को भी पुलिस ने आरोपित बनाया है। दिल्ली पुलिस ने दंगों से जुड़े पूरक आरोप-पत्र में इन दोनों के साथ ही अर्थशास्त्री जयति घोष, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर व एक्टिविस्ट अपूर्वानंद और डॉक्युमेंट्री फिल्म निर्माता राहुल रॉय के नाम भी सह-षडयंत्रकारी के रूप में दर्ज किए हैं। पीटीआइ ने पूरक आरोपपत्र की कॉपी अपने पास होने का दावा किया है।
क्या है इन लोगों पर आरोप
इन लोगों पर आरोप है कि इन्होंने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों को ‘किसी भी हद तक जाने को कहा’, सीएए-एनआरसी (राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर) को मुस्लिम विरोधी बताकर समुदाय में नाराजगी बढ़ाई और भारत सरकार की छवि खराब करने के लिए प्रदर्शन आयोजित किए।