(बीजापुर ब्यूरो ) समैया पागे :- प्रदेश के शिक्षा मंत्री डाॅ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कहा कोविड-19 के कारण लाॅक डाउन के चलते जिले की सभी शैक्षणिक संस्थाएं बंद है। इस दौरान भी व्हाट्सअप एवं टेलीग्राम के जरिये ई-गपशप के संस्करणों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण एवं लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए जिले में परियोजना विजयी कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है। प्रदेश शिक्षा मंत्री डाॅ. प्रेमसाय सिंह ने बच्चों के भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए संदेश में कहा है कि परियोजना विजयी के अंतर्गत हम लोग विभिन्न जीवन कौशलों के बारे में जानकारी हासिल करते हैं। इस सत्र में भी जानकारी का क्रम जारी रहेगा और सभी आवासीय संस्थानों में जहां परियोजना विजयी संचालित है वहां के बच्चों को आगामी माह में एक-एक पत्रिका गपशप दी जायेगी, जिसमें जीवन कौशल के बहुत सारे आयामों व अन्य विषयों की भी रोचक जानकारी आपको मिलेगी।बीजापुर जिले में महिला सशक्तिकरण एवं लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए ’’परियोजना विजयी’’ कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है। राजीव गांधी शिक्षा मिशन आदिम जाति कल्याण विभाग एवं रूम टू रीड के समर्थन से संचालित इस परियोजना के तहत् बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले के कन्या रेसीडेंसीयल स्कूलों एवं कस्तुरबा गांधी बालिका विद्यालयों के साथ आदिम जाति कल्याण विभाग के कन्या आश्रमों में पढ़ने वाली बालिकाओं को लैंगिक समानता एवं महिला सशक्तिकरण के गुर सिखाये जा रहे है। जिले की जिला कार्यक्रम समन्वयक पूर्वी साहू एवं संतोषी साहू के द्वारा कोविड-19 के दरम्यान ’’परियोजना विजयी‘‘ नामक व्हाटसअप ग्रुप संचालित कर ई-गपशप का संस्करण शिक्षिकाओं को और उनके माध्यम से बच्चों तक पहुंचाया जा रहा है। ई गपशप के दस संस्करण भेजी जा चुकी है। इन संस्करणों के द्वारा छोटी-छोटी कहानियों एवं गतिविधियों के माध्यम से बालिकाओं का सशक्तिकरण किया जा रहा है। साथ ही रोचक विडियो एवं ऑडियो क्लिपस के माध्यम से बच्चों के बीच वर्तमान परिस्थितियों में भी शिक्षा प्रसार हो पा रहा है। ई-गपशप का नौवा संस्करण जहां कामयाब महिलाओं की कहानियों में केन्द्रित था वहीं दसवां संस्करण पर्यावरण से संबंधित रोचक बातों से बच्चों को अवगत कराने पर आधारित था। इस संस्करण में रंग-बिरंगी घड़ी के माध्यम से बच्चों को उनके द्वारा दिन भर में क्या-क्या काम किया इसे कलर के माध्यम से भरने की गतिविधि दिया गया, जिससे कि पता चल सके कि बच्चे लाॅकडाउन के दौरान अपना समय कैसे कार्यो में व्यतीत कर रहे हैं। इस दौरान परियोजना विजयी नामक व्हाट्सअप गु्रप में शिक्षिकाओं के साथ-साथ जिला शिक्षा अधिकारी डी. समैया, जिला राजीव गांधी शिक्षा मिशन समन्वयक विजेन्द्र राठौर सभी विकासखण्डों के बी.ई.ओ., बी.आर.सी जुड़े हुए है। जिनकी प्रतिक्रियाएं भी आती रहती हैं जो कि ई गपशप की लोकप्रियता एवं सफलता को प्रदर्शित करती है।
महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए जिले में परियोजना विजयी कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है – शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम
